सीवान में जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराने वाले 43,917 पेंशनधारियों की पेंशन रुकी, सत्यापन के बाद मिलेगा भुगतान

नगर परिषद में सत्यापन करते लाभार्थी
सीवान जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 43,917 लाभार्थियों की पेंशन रोक दी गई है क्योंकि वे जीवन प्रमाणीकरण (लाइफ सर्टिफिकेट) नहीं करा पाए हैं. बायोमेट्रिक और दस्तावेजों की त्रुटियां इसके मुख्य कारण हैं. सत्यापन के बाद रुकी हुई पेंशन जारी कर दी जाएगी.
सीवान: सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत पेंशन प्राप्त करने वाले हजारों बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों की पेंशन फिलहाल रोक दी गई है. जिले में जीवन प्रमाणीकरण (लाइफ सर्टिफिकेट) नहीं कराने वाले 43,917 लाभार्थियों के खाते में इस बार पेंशन की राशि नहीं भेजी गई है. अब इन सभी लाभार्थियों को पहले अपना जीवन प्रमाणीकरण कराना होगा. सत्यापन पूरा होने के बाद उनकी पेंशन दोबारा शुरू होगी और रुकी हुई राशि भी खाते में भेज दी जाएगी.
जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लगभग 3.81 लाख लाभार्थी हैं. योजना के तहत हर वर्ष जीवन प्रमाणीकरण कराया जाता है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि पेंशन का लाभ वास्तविक पात्र व्यक्ति तक ही पहुंच रहा है. इस वर्ष कई अवसर दिए जाने के बावजूद बड़ी संख्या में लाभार्थी सत्यापन नहीं करा सके, जिसके कारण विभाग ने उनके भुगतान पर रोक लगा दी.
बायोमेट्रिक और दस्तावेजों की त्रुटि बनी बड़ी वजह
पेंशन रुकने के पीछे कई कारण सामने आए हैं. सबसे बड़ी समस्या बायोमेट्रिक सत्यापन में आ रही है. अधिक उम्र होने के कारण कई बुजुर्गों के फिंगरप्रिंट हल्के पड़ गए हैं, जिससे मशीन अंगूठे की पहचान नहीं कर पा रही है. इसके अलावा आधार कार्ड, बैंक खाते और अन्य दस्तावेजों में नाम, जन्मतिथि अथवा अन्य विवरण में अंतर होने से भी सत्यापन पूरा नहीं हो सका.
ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी, समय पर केंद्र या प्रखंड कार्यालय नहीं पहुंच पाना तथा तकनीकी दिक्कतों के कारण भी हजारों लाभार्थी जीवन प्रमाणीकरण से वंचित रह गए.
सत्यापन के बाद जारी होगी रुकी हुई पेंशन
जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक ने लाभार्थियों से अपील की है कि जिनकी पेंशन रुकी है, वे घबराएं नहीं. वे अपने नजदीकी केंद्र, प्रखंड कार्यालय या संबंधित कार्यालय में जाकर जल्द से जल्द जीवन प्रमाणीकरण करा लें. सत्यापन पूरा होने के बाद उनकी रुकी हुई पेंशन भी खाते में भेज दी जाएगी और आगे नियमित भुगतान जारी रहेगा.
सीवान सदर में सबसे अधिक मामले लंबित
प्रखंडवार आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक सीवान सदर में 4,999 लाभार्थियों का जीवन प्रमाणीकरण लंबित है. इसके बाद बड़हरिया में 4,418, दरौंदा में 3,905, महाराजगंज में 3,175, पचरूखी में 3,036, गोरेयाकोठी में 2,675, लकड़ी नबीगंज में 2,458, भगवानपुर हाट में 2,370, हुसैनगंज में 2,305, जीरादेई में 1,960, दरौली में 1,762, सिसवन में 1,744, रघुनाथपुर में 1,584, मैरवा में 1,404, हसनपुरा में 1,336, बसंतपुर में 1,326, गुठनी में 1,231, आंदर में 1,223 तथा नौतन में 1,006 लाभार्थियों का सत्यापन अब तक लंबित है.
विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी लाभार्थी की पेंशन स्थायी रूप से बंद नहीं की गई है. जीवन प्रमाणीकरण पूरा होते ही पेंशन पुनः शुरू कर दी जाएगी और रुकी हुई राशि भी लाभार्थियों के खाते में भेज दी जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










