सीवान के गंडक नहर में डूबने से 12 वर्षीय बालक की मौत, घर में मचा कोहराम
सीवान जिले के सादिकपुर गांव से एक दुखद खबर आई है, जहां गंडक नहर में स्नान करने गया 12 वर्षीय आयुष कुमार डूब गया. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Siwan News: गोरियाकोठी थाना क्षेत्र के सादिकपुर नवका टोला गांव में गंडक नहर में डूबने से 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
जानकारी के अनुसार, सादिकपुर नवका टोला निवासी हरेंद्र यादव का 12 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार मंगलवार की देर शाम अपने घर के समीप स्थित गंडक नहर में स्नान करने गया था. स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया. काफी देर तक उसके बाहर नहीं आने पर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया.
ग्रामीणों ने खोजबीन कर निकाला शव
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नहर में उतरकर आयुष की तलाश शुरू की. काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने उसका शव नहर से बाहर निकाला.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर गोरियाकोठी थानाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया. पिता हरेंद्र यादव सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा रहा.
सरकारी सहायता का दिया आश्वासन
घटना की जानकारी मिलने पर राजस्व अधिकारी संजय कुमार यादव भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने मामले की जांच की और पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता एवं मुआवजा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए