सीवान में शराब तस्करी का खुलासा, 1464 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद; तीन तस्कर गिरफ्तार

बरामद शरब के साथ उत्पाद टीम व गिरफ्तार तस्कर
सीवान में उत्पाद विभाग ने दो जगहों पर कार्रवाई कर 1464 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की. डंपर और स्कॉर्पियो जब्त कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया.
सीवान: उत्पाद विभाग की टीम ने शुक्रवार को जिले में शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की. कार्रवाई के दौरान दो वाहनों को जब्त किया गया, जबकि तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया. उत्पाद अधीक्षक विपिन कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में कुल 1464 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई है.
डंपर के तहखाने में छिपाकर ले जा रहे थे शराब
उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि एक डंपर ट्रक के तहखाने में छिपाकर यूपी से शराब की बड़ी खेप मुजफ्फरपुर ले जायी जा रही है. सूचना के आधार पर टीम ने गुठनी चेक पोस्ट पर वाहन जांच शुरू की.
इसी दौरान संदिग्ध डंपर ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया. पुलिस को देखते ही चालक ट्रक लेकर भागने लगा. टीम ने पीछा कर ट्रक को पकड़ लिया. इसके बाद डंपर की तलाशी ली गयी, जिसमें विशेष रूप से बनाये गये तहखाने से 1106 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई.
दो तस्कर गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान डंपर में सवार दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र के धनराजपुर निवासी अरुण कुमार और पारू थाना क्षेत्र के करणपुरा गांव निवासी अरविंद कुमार के रूप में हुई है.
उत्पाद विभाग के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने बताया कि डंपर में बने तहखाने में शराब छिपाकर उसे मुजफ्फरपुर ले जाया जा रहा था. पुलिस अब शराब की खेप के स्रोत और इसके रिसीवर के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है.
मैरवा में स्कॉर्पियो से 358 लीटर शराब बरामद
वहीं, दूसरी कार्रवाई मैरवा थाना क्षेत्र के बड़गांव के समीप की गयी. यहां उत्पाद विभाग की टीम ने एक स्कॉर्पियो की तलाशी लेकर 358 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की.
इस मामले में वाहन को जब्त करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपित की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महुआरी बिचला टोला निवासी पिंटू कुमार के रूप में हुई है.
तीनों तस्करों को भेजा गया न्यायिक हिरासत में
उत्पाद विभाग ने दोनों वाहनों और बरामद शराब को जब्त कर लिया है. आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. उत्पाद टीम अब शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











