सीवान: दरौली 20 सूत्री बैठक में यूरिया की महंगी बिक्री और राशन गड़बड़ी का मुद्दा

दरौली में 20 सूत्री समिति की बैठक में राशन, बिजली और कृषि विभाग में अनियमितताओं को लेकर अधिकारियों से जवाब मांगा गया। जानिए बैठक की पूरी जानकारी।
Siwan News: दरौली प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित ई-किसान भवन में शुक्रवार को 20 सूत्री प्रखंड कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सह भाजपा पश्चिमी मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र मिश्रा तथा उपाध्यक्ष परमानंद सिंह ने की. बैठक में अंचल, स्वास्थ्य, शिक्षा, आंगनबाड़ी, बिजली, कृषि, जन वितरण प्रणाली, पेंशन समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गयी.
बैठक के दौरान समिति सदस्यों ने कई विभागों में कथित अनियमितता और मनमानी का मुद्दा उठाते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा. वहीं कई विभागों के अधिकारियों के बैठक में अनुपस्थित रहने पर सदस्यों ने नाराजगी जतायी.
यूरिया की निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री का आरोप
समिति सदस्यों ने आरोप लगाया कि प्रखंड क्षेत्र में किसानों को यूरिया निर्धारित दर से अधिक कीमत पर उपलब्ध करायी जा रही है. सदस्यों के अनुसार, यूरिया की एक बोरी करीब 400 रुपये में बेचे जाने की शिकायत मिल रही है. उन्होंने संबंधित विभाग से मामले की जांच कर किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की.
राशन कार्ड वितरण में गड़बड़ी का मुद्दा उठा
जन वितरण प्रणाली की समीक्षा के दौरान राशन कार्ड वितरण में कथित गड़बड़ी का मुद्दा भी उठाया गया. सदस्यों ने आरोप लगाया कि कई गरीब और पात्र लोगों को राशन योजना का लाभ नहीं मिल रहा है, जबकि अपात्र लोगों के नाम सूची में शामिल हैं.
सदस्यों ने पात्र लाभुकों का सत्यापन कर उन्हें सरकारी खाद्यान्न योजना का लाभ दिलाने और राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की.
नल-जल योजना ठप होने का आरोप
बैठक में नल-जल योजना की स्थिति को लेकर भी सदस्यों ने नाराजगी जतायी. सदस्यों ने कहा कि प्रखंड के अधिकांश स्थानों पर नल-जल योजना का संचालन प्रभावित है, जिससे लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है.
इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, बच्चों को मिलने वाले पोषण आहार के वितरण तथा सीडीपीओ के कार्यों को लेकर भी सवाल उठाये गये.
पेंशन लाभुकों की परेशानी का मुद्दा उठा
दिव्यांग, विधवा और वृद्धावस्था पेंशन के लाभुकों को हो रही परेशानियों का मामला भी बैठक में प्रमुखता से उठाया गया. सदस्यों ने कहा कि पात्र लाभुकों को समय पर पेंशन का लाभ दिलाने के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए.
बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल
समिति सदस्य मृत्युंजय तिवारी ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि अनियमित बिजली आपूर्ति, विभाग में कथित दलालों की सक्रियता और कर्मचारियों की मनमानी से आम लोग परेशान हैं.
उन्होंने शिक्षा विभाग, राशन वितरण व्यवस्था और अन्य सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की.
अधिकारियों की अनुपस्थिति पर सदस्यों ने जतायी नाराजगी
बैठक में कई विभागों के अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर समिति सदस्यों ने नाराजगी जतायी. सदस्यों का कहना था कि 20 सूत्री समिति की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा होती है. ऐसे में संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी जरूरी है, ताकि जनसमस्याओं और योजनाओं की प्रगति पर सीधे जवाब लिया जा सके.
शिकायतों की जांच कर होगी कार्रवाई : बीडीओ
बीडीओ दीप्ति शिखा ने कहा कि सभी संबंधित विभागों को पूर्व में लिखित सूचना देकर बैठक में आमंत्रित किया गया था. बैठक में जो भी प्रस्ताव और शिकायतें सामने आयी हैं, उनकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.
बैठक में सीओ विद्याभूषण भारती, थाना प्रभारी अभिनव कुमार दुबे, प्रमुख शांति देवी, मुन्ना तिवारी, व्रजेश गोड़, रामलक्षण भगत, दिनानाथ यादव, नियाज खां, अजय सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे.
Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










