सीवान में सुजीत साह हत्याकांड का नहीं हुआ खुलासा, 6 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली

Updated:
विज्ञापन
सुजीत हत्याकांड में अब तक नहीं हुई अपराधियों की पहचान

सीवान के फलमंडी के पास 25 जुलाई को मिले सुजीत साह के शव मामले में छह दिन बाद भी अपराधियों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस की जांच अब CDR और मोबाइल लोकेशन पर टिकी है।

विज्ञापन

सीवान: नगर थाना क्षेत्र के फलमंडी के समीप युवक सुजीत साह की गोली मारकर हत्या के मामले में घटना के छह दिन बाद भी पुलिस अपराधियों की पहचान नहीं कर सकी है. पुलिस की जांच अब मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों पर केंद्रित है. घटना के खुलासे का इंतजार मृतक के परिजनों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है और जल्द ही अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.

दोस्तों के बुलाने पर घर से निकला था सुजीत

बताया जाता है कि पचरुखी थाना क्षेत्र के इटवा उत्तर टोला निवासी सुजीत साह 24 जुलाई की शाम अपने कुछ दोस्तों के बुलाने पर घर से सीवान शहर आया था. देर रात तक जब वह घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई. इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की. परिजनों ने उन दोस्तों से भी संपर्क किया, जिनके बुलाने पर सुजीत के सीवान आने की बात सामने आयी थी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका.

काफी खोजबीन के बाद 25 जुलाई की अहले सुबह नगर थाना क्षेत्र के फलमंडी के समीप सड़क किनारे सुजीत का शव मिला. उसके शरीर पर गोली लगने के निशान थे. शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी.

घटनास्थल से एफएसएल टीम ने जुटाये साक्ष्य

सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया था. टीम ने घटनास्थल से कई साक्ष्य जुटाये, जिन्हें जांच का हिस्सा बनाया गया है.

मृतक के परिजनों का आरोप है कि सुजीत को सुनियोजित तरीके से घर से बुलाया गया और इसके बाद उसकी हत्या कर दी गयी. परिजनों ने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है.

पूछताछ के बाद अब सीडीआर और मोबाइल लोकेशन पर फोकस

पुलिस ने घटना के बाद सुजीत के संपर्क में रहने वाले कई लोगों से पूछताछ की है. खासकर उन दोस्तों से भी जानकारी ली गयी है, जिनके बुलाने पर वह घर से सीवान शहर आया था. हालांकि शुरुआती पूछताछ में पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला.

इसके बाद जांच का फोकस सुजीत के मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और मोबाइल लोकेशन पर है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले सुजीत की किन-किन लोगों से बातचीत हुई थी, वह किन स्थानों पर गया और वारदात के समय उसकी लोकेशन कहां थी. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के वक्त उसके साथ कौन-कौन लोग मौजूद थे.

हत्या के कारणों का भी नहीं हुआ खुलासा

फिलहाल सुजीत साह की हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस हत्या के कारणों के साथ-साथ आपसी विवाद, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है. अधिकारियों का मानना है कि मोबाइल से जुड़े तकनीकी साक्ष्य मामले के खुलासे में अहम साबित हो सकते हैं.

नगर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. सभी संभावित पहलुओं पर काम चल रहा है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपितों की गिरफ्तारी का दावा किया है.

इधर, घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजन लगातार पुलिस से न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं और हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.

Also Read: पीके के सामने थाने में क्यों भिड़ गए जन सुराज के दो सीनियर नेता? पूर्व डीजी आरके मिश्रा ने किशोर मुन्ना को लगाई फटकार, VIDEO वायरल


विज्ञापन
पंकज कुमार

लेखक के बारे में

By पंकज कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन