सीवान सदर प्रखंड की पंचायत समिति बैठक में राशन, बिजली और आंगनबाड़ी का मुद्दा उठा
बैठक में शामिल बीडीसी सदस्य व मुखिया
सीवान सदर प्रखंड मुख्यालय में पंचायत समिति की बैठक हंगामेदार रही, जहाँ सदस्यों ने जन वितरण प्रणाली, आंगनबाड़ी केंद्रों और बिजली आपूर्ति में अनियमितताओं का आरोप लगाया. प्रखंड प्रमुख ने जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया.
Panchayat Samiti Meeting: सीवान सदर प्रखंड मुख्यालय के सभागार में बुधवार को पंचायत समिति की बैठक प्रखंड प्रमुख आरती देवी की अध्यक्षता में हुई. बैठक शुरू से ही विभिन्न मुद्दों को लेकर हंगामेदार रही. पंचायत समिति सदस्यों ने प्रखंड क्षेत्र में संचालित सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अनियमितता का आरोप लगाते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा. सदस्यों ने जन वितरण प्रणाली, आंगनबाड़ी केंद्र, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाया.
राशन में कटौती का मामला उठा
बैठक में सदस्यों ने आरोप लगाया कि प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न जन वितरण प्रणाली की दुकानों पर लाभुकों को निर्धारित पांच किलो की जगह चार किलो ही खाद्यान्न दिया जा रहा है. इससे गरीब और जरूरतमंद लाभुकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
सदस्यों ने मामले की जांच कर दोषी डीलरों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की.
आंगनबाड़ी केंद्रों में फर्जी हाजिरी का आरोप
आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था पर भी सदस्यों ने सवाल उठाया. उनका कहना था कि कई केंद्रों पर बच्चों की वास्तविक उपस्थिति काफी कम रहती है, जबकि रजिस्टर में अधिक संख्या में बच्चों की हाजिरी बनायी जा रही है.
सदस्यों ने आरोप लगाया कि फर्जी हाजिरी के माध्यम से सरकारी योजना का लाभ उठाया जा रहा है. उन्होंने संबंधित विभाग से आंगनबाड़ी केंद्रों की जांच कराने की मांग की.
बिजली की अनियमित आपूर्ति और लो वोल्टेज का मुद्दा
बैठक में बिजली की समस्या भी प्रमुखता से उठी. सदस्यों ने कहा कि गर्मी के मौसम में क्षेत्र के लोगों को बिजली की अनियमित आपूर्ति और लो वोल्टेज की समस्या से परेशान होना पड़ रहा है. कई इलाकों में पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है.
सदस्यों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से आपूर्ति व्यवस्था में सुधार करने की मांग की.
अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी : प्रखंड प्रमुख
बैठक को संबोधित करते हुए प्रखंड प्रमुख आरती देवी ने कहा कि पंचायत क्षेत्र की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा. सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सदस्यों द्वारा उठाये गये मामलों की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
कई योजनाओं और विभागों की हुई समीक्षा
बैठक में गत बैठक की संपुष्टि, ग्राम सभा से प्राप्त कार्ययोजना का अनुमोदन, पंचायत समिति की योजनाएं, बाल विकास परियोजना, मनरेगा, स्वास्थ्य, प्रधानमंत्री आवास योजना, कृषि, पशुपालन, पीएचईडी, विद्युत, स्वच्छ भारत मिशन एवं लोहिया स्वच्छता अभियान, शिक्षा और आपूर्ति सहित अन्य विषयों पर चर्चा की गयी.
सदस्यों ने क्षेत्र की जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों से समन्वय बनाकर काम करने की मांग की.
बैठक में ये रहे मौजूद
मौके पर बीडीसी विनोद यादव, जितेंद्र यादव, रामाशंकर शाह, धर्मावती देवी, सकिना खातून, सरोज देवी, कृष्णा नंद पांडेय, कबुतरी देवी, मुखिया संजय सिंह, प्रभुनाथ सिंह, मंकेश्वर मांझी, सुभाष प्रजापति, रामाजी खरवार मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










