सीवान: होल्डिंग नंबर के आधार पर परिवारों को दिए जाएंगे डस्टबिन, स्वच्छता व्यवस्था होगी मजबूत

बैठक की तस्वीर
Siwan News : वार्ड पार्षदों ने शहर में जलनिकासी और पेयजल व्यवस्था सुधारने की मांग की
Siwan News (विवेक कुमार सिंह) : नगर परिषद क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अब होल्डिंग नंबर और पारिवारिक सूची के आधार पर घर-घर डस्टबिन वितरित किए जाएंगे.इसके साथ ही नगर परिषद क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली 2026 को प्रभावी रूप से लागू करने का भी निर्णय लिया गया है.मंगलवार को नगर परिषद सभागार में आयोजित बोर्ड की साधारण बैठक में विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई तथा उन्हें सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई.मुख्य पार्षद सेंपी देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नगर परिषद क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण, पेयजल, जलजमाव और आधारभूत संरचनाओं के विकास से जुड़े विषय प्रमुखता से छाए रहे.बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक परिवार तक डस्टबिन उपलब्ध कराकर घर-घर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जाएगा. साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली के तहत निर्धारित दंडात्मक प्रावधानों को भी प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा ताकि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके.बैठक में विभागीय निर्देश के आलोक में नगर परिषद क्षेत्र में एबीसी सेंटर (एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर) के निर्माण को भी मंजूरी दी गई. वहीं अर्बन चैलेंज फंड के तहत नगर परिषद क्षेत्र में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी सहमति बनी.इसके अलावा एमआरएफ निर्माण के लिए जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई भूमि को नगर परिषद के अधिकार में लेने तथा वहां चहारदीवारी, गार्ड रूम और संपर्क पथ निर्माण कराने का निर्णय लिया गया.
विकास योजनाओं और जनसमस्याओं पर मंथन
बैठक के दौरान शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर वार्ड पार्षदों ने खुलकर अपनी बात रखी. उप मुख्य पार्षद किरण गुप्ता ने बड़ी मस्जिद के समीप स्थित कूड़ा प्वाइंट को हटाने की मांग उठाई.उन्होंने कहा कि मुख्य सड़क पर कूड़ा जमा होने से राहगीरों, दुकानदारों और बाजार आने वाले लोगों को भारी परेशानी होती है. इसके अलावा आसपास धार्मिक स्थल होने के कारण लोगों की भावनाएं भी प्रभावित होती हैं.वार्ड पार्षद जयप्रकाश गुप्ता ने डॉ. पी. देवी मोड़ से तरवारा मोड़ तक जलजमाव की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि बरसात ही नहीं, सामान्य दिनों में भी सड़क पर पानी जमा रहता है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है.उन्होंने नालों की सफाई के बाद सड़क किनारे कई दिनों तक गंदगी पड़े रहने पर भी नाराजगी जताई और तत्काल उठाव की मांग की.वार्ड पार्षद संतोष कुमार यादव ने कहा कि उनके वार्ड में जलमीनार का निर्माण हो चुका है, लेकिन अब तक लोगों को पेयजल कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराया गया है. उन्होंने गर्मी के मौसम में शुद्ध पेयजल की समस्या दूर करने की मांग की.साथ ही सहयोग शिविरों के प्रचार-प्रसार की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लोगों को जानकारी नहीं मिलने से अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है.वार्ड पार्षद अनु उपाध्याय ने रामनगर मुहल्ला समेत कई क्षेत्रों में जलजमाव की समस्या को प्रमुखता से उठाया और इसके स्थायी समाधान की मांग की.बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी नीलम श्वेता ने विभिन्न योजनाओं और प्रस्तावों की जानकारी दी.मौके पर उप मुख्य पार्षद किरण गुप्ता, वार्ड पार्षद सचिन सिंह, पूजा देवी, पल्लवी प्रिया, राजा राम साह, जयप्रकाश गुप्ता, अजित कुमार, लाडली खातून सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
Also Read : सीवान: प्रतिवाद मार्च निकालकर हत्या मामले में कार्रवाई की मांग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By युवराज रतन
पटना जन्मस्थली है मेरी, निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित आधारित पत्रकारिता में विश्वास करता हूं. वर्तमान में मेरा उद्देश्य बिहार के स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और पाठकों तक सत्यापित जानकारी पहुंचाना है. किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पहले उपलब्ध तथ्यों और स्रोतों का सत्यापन करना मेरी प्राथमिकता है. पाठकों को विश्वसनीय, निष्पक्ष और जनहितकारी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हूं.
प्राथमिक शिक्षा संत जेवियर्स हाई स्कूल, पटना से पूरी करने के बाद संत जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नॉलजी से बैचलर्स ऑफ मास कम्यूनिकेशन से स्नातक किया हूं. 2020 से पटना स्थित मीडिया संस्थान न्यूज 4 नेशन में एंकर सह प्रोड्यूसर के पद पर डेढ़ वर्षों तक काम किया. इसके उपरांत जून 2022 से इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमिटी (I-PAC) में सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर रहते हुए डिजिटल कम्यूनिकेशन टीम में कार्य करने का मौका मिला. वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर के पद पर हूं इसके माध्यम से नागरिकों के पास तथ्यात्मक और सही सूचनाएँ, खबर और अपडेट देने का कार्य कर रहा हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










