साइबर ठगी के शिकार लोग एमआरएम पोर्टल से वापस पा सकते हैं फ्रीज राशि : एसपी

एसपी पूरन कुमार झा
सीवान में बढ़ते साइबर अपराध को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने बताया कि गृह मंत्रालय के एमआरएम पोर्टल से ऑनलाइन ठगी की राशि वापस पाने का दावा किया जा सकता है.
Siwan News : सीवान जिले में बढ़ते साइबर अपराध के मामलों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने लोगों से सतर्क रहने और साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की अपील की है. उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय के मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल (एमआरएम) पोर्टल के माध्यम से साइबर ठगी में फ्रीज (होल्ड) की गई राशि वापस पाने के लिए आवेदन किया जा सकता है.
बिना अदालत गए कर सकते हैं रिफंड का दावा
एसपी ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी हुई है और समय रहते संबंधित बैंक खाते की राशि फ्रीज (होल्ड) कर दी गई है, तो पीड़ित बिना अदालत गए एमआरएम पोर्टल के माध्यम से रिफंड का दावा कर सकता है. यह पूरी प्रक्रिया निःशुल्क है और इसके लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होता है.
रिफंड के लिए दो शर्तें जरूरी
उन्होंने बताया कि रिफंड प्राप्त करने के लिए सबसे पहले पीड़ित को घटना के तुरंत बाद साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करानी होगी. दूसरी शर्त यह है कि ठगी की राशि संबंधित बैंक खाते में फ्रीज (होल्ड) की गई हो.
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
एसपी ने बताया कि आवेदक को एमआरएम पोर्टल पर सिटिजन लॉगिन कर राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) की 14 अंकों की एक्नॉलेजमेंट आईडी दर्ज करनी होगी. इसके बाद रिफंड का अनुरोध करते हुए सही बैंक खाता विवरण, पैन कार्ड की प्रति तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे. यदि ठगी की राशि 50 हजार रुपये से अधिक है तो एफआईआर और न्यायालय के आदेश की प्रति भी अपलोड की जा सकती है. आवेदन जमा होने के बाद अनुरोध आईडी के माध्यम से रिफंड की स्थिति ऑनलाइन देखी जा सकती है.
अनजान लिंक और फर्जी ऑफर से रहें सावधान
एसपी पूरन कुमार झा ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें. बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी, पिन या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें. सोशल मीडिया पर मिलने वाले फर्जी ऑफर और लालच से बचें. किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन लेनदेन की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं.
समय पर शिकायत से बढ़ती है राशि वापस मिलने की संभावना
एसपी ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता और त्वरित शिकायत है. समय पर सूचना देने और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने से ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










