सीवान के गुठनी में दुष्कर्म मामले की जांच के लिए पहुंची FSL टीम, घटनास्थल से जुटाये साक्ष्य

Updated:
विज्ञापन

घटना स्थल पर एफएसएल टीम से जानकारी लेते एएसपी

गुठनी में नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम ने पीड़िता के घर पहुंचकर अहम सबूत इकट्ठा किए हैं. पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है.

विज्ञापन

Siwan Crime News: गुठनी थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म के मामले की जांच के लिए बुधवार को एएसपी संजय झा के नेतृत्व में फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) की टीम पीड़िता के घर पहुंची. टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किये.

आपके शहर में

विज्ञापन

गुठनी थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर महिला थाना में मुख्य आरोपित और उसके एक अन्य सहयोगी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मुख्य आरोपित ने पीड़िता को बहला-फुसलाकर उसके साथ दिसंबर में दुष्कर्म किया, जिसके बाद वह गर्भवती हो गयी. पीड़िता ने गर्भावस्था और प्रसव के बाद भी आरोपित द्वारा कथित रूप से प्रताड़ित करने और धमकी देने का आरोप लगाया है.

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं, दूसरे नामजद आरोपित की भूमिका की भी जांच की जा रही है. एएसपी संजय झा ने बताया कि पुलिस मामले के प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है.

घटनास्थल से एफएसएल टीम ने जुटाये नमूने

मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. इस दौरान टीम ने घटनास्थल से खून और मिट्टी के नमूने एकत्र किये. फोरेंसिक अधिकारियों ने घटना से संबंधित परिस्थितियों की जानकारी लेने के लिए पीड़िता के परिजनों से भी पूछताछ की.

एफएसएल टीम ने मौके पर मौजूद थानाध्यक्ष सुनील कुमार और महिला थाना की टीम से भी मामले से संबंधित आवश्यक जानकारी ली. फोरेंसिक टीम के घटनास्थल पर पहुंचने की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी.

आवेदन के दो दिन बाद दर्ज हुई प्राथमिकी, उठे सवाल

मामले में प्राथमिकी दर्ज करने में कथित देरी को लेकर महिला थाना की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाये जा रहे हैं. परिजनों के अनुसार, पीड़िता अपनी मां के साथ 29 अगस्त को महिला थाना पहुंची थी. आरोप है कि उस दिन न तो पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया और न ही प्राथमिकी दर्ज की गयी.

इसके बाद 31 अगस्त को महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज किये जाने की बात कही गयी है. प्राथमिकी दर्ज करने में हुई कथित देरी को लेकर स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार कर्मियों की भूमिका की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है.

पुलिस कर रही मामले के सभी पहलुओं की जांच

पुलिस के अनुसार, मामले में मुख्य नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है. दूसरे नामजद आरोपित की भूमिका की जांच की जा रही है. एफएसएल टीम द्वारा जुटाये गये साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.

इसे भी पढ़ें: ‘झंडू कुमार’ को कभी नाम पर मिले ताने, मेडल जीते तो हुआ भव्य स्वागत, पीएम मोदी की भी मिली बधाई

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन