सीवान में 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की होगी स्क्रीनिंग, 2 सितंबर से 30 नवंबर तक चलेगा अभियान
अधिकारियों को निर्देश देते जिलाधिकारी
सीवान में 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए "चिकित्सा आपके द्वार" अभियान शुरू हुआ है. यह अभियान 2 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा, जिसमें मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय रोग जैसी गैर संचारी बीमारियों की जांच की जाएगी.
Non-communicable diseases: गैर संचारी रोगों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में “जांच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार” अभियान शुरू किया गया है. बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना से वर्चुअल माध्यम से इस अभियान का शुभारंभ किया. इसके बाद सीवान समाहरणालय के सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी विजय प्रकाश मीणा की मौजूदगी में अभियान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये.
आपके शहर में
जिले में यह अभियान 2 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा. इसके तहत 30 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों की गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी. जांच के दौरान मधुमेह, उच्च रक्तचाप, कैंसर, हृदय रोग तथा सांस और फेफड़े से संबंधित बीमारियों की पहचान पर विशेष जोर रहेगा.
जिला अस्पताल से लेकर आयुष्मान आरोग्य मंदिर तक होगी जांच
जिला पदाधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत जिला अस्पताल से लेकर आयुष्मान आरोग्य मंदिर तक सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में जांच की व्यवस्था रहेगी. इसके अलावा समुदाय स्तर पर आशा कार्यकर्ता और एएनएम घर-घर जाकर तथा समुदाय में लोगों की स्क्रीनिंग करेंगी.
जांच के दौरान किसी व्यक्ति में बीमारी के लक्षण या जोखिम पाए जाने पर उसे आवश्यकतानुसार आगे की जांच और उपचार के लिए स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करायी जाएगी.
समय पर बीमारी की पहचान पर रहेगा जोर
डीएम ने सभी प्रखंडों में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि गैर संचारी रोगों की समय पर पहचान होने से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को रोकने और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मियों को अभियान के दौरान अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि गंभीर बीमारियों की शुरुआती अवस्था में ही पहचान की जा सके.
सांसद और विधायक समेत अधिकारी रहे मौजूद
अभियान के शुभारंभ के अवसर पर सीवान की सांसद विजय लक्ष्मी देवी, बड़हरिया विधायक इंद्रदेव सिंह, सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद, जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. ओपी लाल, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अरविंद कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक विशाल कुमार सिंह सहित चिकित्सक और पारा मेडिकल कर्मी मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: ‘झंडू कुमार’ को कभी नाम पर मिले ताने, मेडल जीते तो हुआ भव्य स्वागत, पीएम मोदी की भी मिली बधाई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए