सिवान के गंडक नदी में मिले अधेड़ के शव की सोशल मीडिया से हुई पहचान, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

गुठनी थाना की तस्वीर
Siwan News: सिवान के गुठनी थाना क्षेत्र में योगियाडीह गांव के पास गंडक नदी से रविवार को बरामद अधेड़ के शव की पहचान सोमवार देर शाम सोशल मीडिया के माध्यम से देवरिया (यूपी) निवासी संजय कनौजिया (46 वर्ष) के रूप में हुई. मृतक ईंट भट्ठे पर काम करता था और तीन दिन से लापता था. परिजनों ने हत्या कर शव नदी में फेंकने की आशंका जताई है. गुठनी थानाध्यक्ष सुनील कुमार के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Siwan News (चंद्र प्रकाश दुबे): सिवान जिले के गुठनी थाना क्षेत्र अंतर्गत योगियाडीह गांव स्थित मिश्र घाट के समीप गंडक नदी से बरामद अधेड़ के शव की गुत्थी सुलझ गई है. रविवार की शाम नदी में तैरता हुआ जो शव मिला था, उसकी पहचान सोमवार की देर शाम सोशल मीडिया की मदद से कर ली गई है. पहचान होने के बाद मंगलवार की सुबह मृतक के परिजन बदहवास हालत में गुठनी थाने पहुंचे और पुलिस के समक्ष सदर अस्पताल के शव परीक्षण गृह (मर्चुरी) में जाकर मृतक की शिनाख्त की. मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के मईल थाना क्षेत्र अंतर्गत धर्मेर गांव निवासी राम प्रवेश कन्नौजिया के 46 वर्षीय पुत्र संजय कनौजिया के रूप में हुई है.
साथी मजदूर के साथ भट्ठे पर जाने की बात कहकर घर से निकला था मृतक
परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि संजय कन्नौजिया प्रखंड मुख्यालय स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी का काम करता था. वह तीन दिन पहले अपने ही गांव के एक अन्य मजदूर आकाश के साथ भट्ठे पर जाने की बात कहकर घर से निकला था. इसके बाद जब दो दिनों तक उसका मोबाइल पर कोई संपर्क नहीं हुआ और वह वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने अपने स्तर से उसकी लगातार खोजबीन शुरू कर दी थी, लेकिन उसका कहीं अता-पता नहीं चला. इसी बीच सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर को देखकर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और वे सिवान पहुंचे.
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; मृतक था परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य
गंडक नदी से संजय का शव मिलने के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है. मृतक अपने पूरे परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था, जिससे पूरे घर का भरण-पोषण होता था. उसके आकस्मिक निधन से पत्नी ममता देवी, दो बेटों और एक बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों ने संजय की मौत पर गहरा संदेह व्यक्त करते हुए आरोप लगाया है कि किसी ने उसकी बेरहमी से हत्या कर साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को गंडक नदी में फेंक दिया है. इस घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीण इलाकों में भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी मौत की वजह: थानाध्यक्ष
गुठनी थाना पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करने और सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मंगलवार को शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव को पैतृक गांव देवरिया ले गए.
इस संबंध में जानकारी देते हुए गुठनी के थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पीड़ित परिजनों की ओर से पुलिस को लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक और वैज्ञानिक कारणों का खुलासा हो सकेगा. पुलिस हत्या, दुर्घटना और डूबने सहित सभी संभावित बिंदुओं और पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है, और जल्द ही सच सामने आ जाएगा.
Also Read : गोरौल, भगवानपुर और इनायतनगर पैक्स में होगा मतदान, प्रशासन अलर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










