सीवान: दरौंदा में जनता दरबार में 15 भूमि विवादों की सुनवाई, 11 मामलों का मौके पर हुआ निष्पादन

दरौंदा प्रखंड के अंचल कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में भूमि विवादों को सुलझाने का प्रयास किया गया. 15 में से 11 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली. अधिकारियों ने त्वरित और निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित करने पर ज़ोर दिया.
Siwan News: सीवान जिले के दरौंदा प्रखंड स्थित अंचल कार्यालय में शनिवार को भूमि विवाद से जुड़े मामलों के त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान के लिए जनता दरबार का आयोजन किया गया. अंचल अधिकारी वेद प्रकाश नारायण, थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह एवं अपर थानाध्यक्ष मोहन कुमार निराला की मौजूदगी में फरियादियों की समस्याएं सुनी गयीं. जनता दरबार में कुल 15 भूमि विवाद से संबंधित मामले सामने आए.
11 मामलों का मौके पर हुआ निष्पादन
जनता दरबार में अधिकारियों ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनीं और उपलब्ध दस्तावेजों एवं अभिलेखों की जांच की. सुनवाई के बाद 15 में से 11 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया. वहीं, शेष चार मामलों में आवश्यक दस्तावेजों और तथ्यों की जांच के लिए संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया गया. इन मामलों की सुनवाई के लिए अगली तिथि निर्धारित की गयी है.
निष्पक्ष समाधान पर रहा जोर
अंचल अधिकारी वेद प्रकाश नारायण ने बताया कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य भूमि विवादों का त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है. उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे भूमि विवादों को समय रहते सुलझाने से लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सकता है. अधिकारियों ने संबंधित पक्षों को आवश्यक अभिलेखों के साथ अगली सुनवाई में उपस्थित होने का निर्देश दिया.
अधिकारियों ने सुने दोनों पक्षों के तर्क
सुनवाई के दौरान लंबित मामलों की भी समीक्षा की गयी. दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद उपलब्ध कागजात और राजस्व अभिलेखों की जांच की गयी. इसके आधार पर मामलों के समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ायी गयी. जनता दरबार में राजस्व कर्मचारी, डीईओ ब्रजेश राज, संबंधित फरियादी एवं अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











