एशियन जूनियर रग्बी चैंपियनशिप के लिए भारतीय चयन शिविर में मैरवा की सिमरन परवीन चयनित

सिमरन परवीन.
मैरवा की सिमरन परवीन का चयन एशियन अंडर-18 रग्बी चैंपियनशिप के लिए भारतीय प्रशिक्षण शिविर में हुआ है। बिहार के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है।
मैरवा के रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स एकेडमी की होनहार खिलाड़ी सिमरन परवीन का चयन चीन में 5 से 6 सितंबर तक आयोजित होने वाली एशिया अंडर-18 जूनियर रग्बी फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए गठित भारतीय राष्ट्रीय टीम के प्रशिक्षण सह चयन शिविर में हुआ है. सिमरन के चयन से पूरे जिले में खुशी का माहौल है.
दरौली के करोम गांव की है सिमरन
दरौली प्रखंड के करोम गांव निवासी इस्लाम अंसारी एवं अफरोजा अंसारी की पुत्री सिमरन परवीन को पिछले माह हैदराबाद में आयोजित राष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर यह उपलब्धि मिली है. राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर की 29 टीमों के लगभग 350 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था. जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद पूरे भारत से केवल 27 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण सह चयन शिविर के लिए चुना गया है.
कड़ी मेहतन व अनुशासन से बनायी पहचान
रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स एकेडमी के संस्थापक एवं निदेशक संजय पाठक ने बताया कि सिमरन राष्ट्रीय स्तर पर बिहार टीम का कई बार प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं और आधा दर्जन से अधिक प्रतियोगिताओं में टीम को पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुकी हैं. उन्होंने कहा कि यह चयन सिमरन की कड़ी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा का परिणाम है.
एशियन अंडर-18 रग्बी फुटबॉल चैंपियनशिप सितंबर में
उन्होंने बताया कि भारतीय रग्बी फुटबॉल यूनियन द्वारा भुवनेश्वर में 26 जुलाई से एक सितंबर तक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है. शिविर के दौरान खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा. जिसके बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 12 खिलाड़ियों का चयन भारतीय राष्ट्रीय टीम में किया जायेगा. यही टीम सितंबर में चीन में होने वाली एशियन अंडर-18 रग्बी फुटबॉल चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











