सीवान में शराब के नशे में भैंसुर ने मां और भाभी से की मारपीट, पीड़ित परिवार ने थाने में लगाई गुहार

प्रतीकात्मक तस्वीर
Siwan News : नौतन के जगदीशपुर में शराबी भैंसुर ने मां और भाभी के साथ मारपीट की। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी फरार हो गया, पीड़ित परिवार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
Siwan News : नौतन थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में शराब के नशे में एक व्यक्ति द्वारा अपनी मां और भाभी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है. घटना के बाद दोनों घायलों का इलाज नौतन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया. पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.
शराब के नशे में किया उत्पात, जान से मारने की दी धमकी
पीड़िता कुसुम देवी ने बताया कि उनका भसुर शराब के नशे में देर रात तक घातक हथियार लेकर घर में उत्पात मचाता रहा. इस दौरान उसने मां और भाभी के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी भी दी. घटना से पूरा परिवार दहशत में आ गया.
डायल 112 पर सूचना, पुलिस पहुंचने से पहले फरार हुआ आरोपी
स्थिति बिगड़ने पर मां और भाभी ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी पुलिस के कब्जे से हाथ छुड़ाकर फरार होने में सफल रहा.
थाने में दिया आवेदन, कार्रवाई की मांग
घायल कुसुम देवी और उनकी सास मंजू देवी ने नौतन थाना पहुंचकर आरोपी के विरुद्ध आवेदन दिया. पीड़िता ने बताया कि आरोपी की हरकतों से पूरा परिवार लंबे समय से परेशान है. उन्होंने कहा कि आरोपी की पत्नी भी उसकी शराब पीकर मारपीट करने की आदत से तंग आकर पहले ही घर छोड़ चुकी है. पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी काफी दिनों से परिवार से अलग रह रहा है.
पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई
नौतन थाना प्रभारी जीत मोहन कुमार ने बताया कि मां और भाभी की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की जांच की जा रही है. जांच में आरोप सही पाए जाने पर दोषी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











