सीवान: स्कूल से 200 मीटर दूर मिला युवक का शव, मौके से चाकू और करीब 10 जोड़ी चप्पलें बरामद
घटना स्तर पर उमड़ी लोगों की भीड़
सीवान के जीबी नगर थाना क्षेत्र में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. शव के पास चाकू और चप्पलें मिलने से सनसनी फैल गई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को हिरासत में लिया है और हत्या के कारणों की जांच कर रही है.
Siwan News : जीबी नगर थाना क्षेत्र के पांडेयपुर खमहौरी गांव में सोमवार की सुबह राजकीय मध्य विद्यालय के दक्षिण करीब 200 मीटर दूर एक युवक का चाकू से गोदकर हत्या किया गया शव मिलने से सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान गांव निवासी लालबाबू यादव के 23 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार यादव के रूप में हुई. शव के पास काफी मात्रा में खून, एक चाकू और करीब 10 जोड़ी चप्पलें बरामद हुई हैं. घटना के दौरान दो अन्य युवकों के भी चाकू लगने से घायल होने की बात सामने आयी है.
शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने देखा शव
सोमवार की सुबह गांव के कुछ लोग शौच के लिए निकले थे. इसी दौरान सुनसान स्थान पर उनकी नजर पड़े युवक के शव पर पड़ी. आसपास खून के निशान और कई जोड़ी चप्पलें देखकर ग्रामीणों ने शोर मचाया. कुछ ही देर में घटना की जानकारी पूरे गांव में फैल गयी. सकरा, पांडेयपुर खमहौरी, शिवदह, मिश्रवलिया समेत आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गये. परिजनों के पहुंचने के बाद वहां चीख-पुकार मच गयी.
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाये साक्ष्य
सूचना मिलने के बाद जीबी नगर थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष रामशंकर साह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया. टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाये. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटनास्थल पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की गयी. घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन लोग खुलकर कुछ बताने से कतरा रहे हैं.
पांच युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ
पुलिस के अनुसार, घटना में रोहित कुमार यादव के अलावा दो अन्य युवक भी चाकू लगने से घायल हुए हैं. परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने पांच युवकों को हिरासत में लिया है. हिरासत में लिये गये युवकों से पूछताछ कर हत्या के कारणों और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है.
विदेश जाने की तैयारी कर रहा था रोहित
परिजनों के अनुसार, रोहित करीब दो माह पूर्व दिल्ली से गांव आया था. इसी महीने उसे विदेश जाना था. विदेश जाने की तैयारी के बीच हुई उसकी हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. रोहित चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था. उसकी मौत की खबर के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.
शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम
पोस्टमार्टम के बाद रोहित का शव पैतृक गांव पांडेयपुर खमहौरी पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया. पिता लालबाबू यादव, मां उर्मिला देवी, भाई अंकित कुमार और बहनों रुम्पा कुमारी व टुम्पा कुमारी की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.
हत्या के कारणों का अब तक नहीं हुआ खुलासा
एसडीपीओ एवं थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि हत्या की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस जांच कर रही है. पांच युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. अभी हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है. मामले के उद्भेदन के लिए एसआईटी का गठन किया गया है. पुलिस जल्द ही घटना के कारणों का पता लगाकर हत्यारोपितों की पहचान और गिरफ्तारी करेगी.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए