सीवान में बाइक हटाने के विवाद में युवक की हत्या, कार में जबरन बैठाकर ले गये थे आरोपित
सीवान में पूर्व के विवाद में हत्या
सीवान में बाइक हटाने को लेकर उपजा विवाद खूनी जंग में बदल गया, जिसमें एक युवक की जान चली गई. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
Siwan News : जीबी नगर थाना क्षेत्र के नथनपुरा गांव निवासी नयन महतो के 23 वर्षीय पुत्र अविनाश उर्फ धन जी महतो हत्याकांड का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है. मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों में नथनपुरा गांव निवासी कौशल किशोर तिवारी के पुत्र प्रियांशु तिवारी तथा सराय थाना क्षेत्र के सहलौर गांव निवासी दिलीप तिवारी के पुत्र मंतोष तिवारी और दिनेश तिवारी के पुत्र सोनू तिवारी शामिल हैं. पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
एसआईटी ने तीनों आरोपितों को घर से किया गिरफ्तार
एसडीपीओ सदर सीवान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर जीबी नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था. टीम ने थाना पुलिस बल के साथ छापेमारी कर तीनों आरोपितों को उनके घर से गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपितों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
बाइक हटाने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि अविनाश उर्फ धन जी महतो नथनपुरा गांव में निर्माणाधीन राम-जानकी ओवरब्रिज के समीप बाइक लेकर खड़ा था. इसी दौरान तीनों आरोपित वैगन आर कार से वहां से गुजर रहे थे. सड़क पर बाइक खड़ी होने को लेकर उसे हटाने के लिए कहा गया, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया. आरोपितों के अनुसार बाइक नहीं हटाने पर विवाद बढ़ गया.
जबरन कार में बैठाकर ले गये, फिर कर दी हत्या
पुलिस के अनुसार विवाद बढ़ने के बाद आरोपित अविनाश को जबरन अपनी कार में बैठाकर वहां से ले गये. इसके बाद इलमादिपुर गांव स्थित नवमुंहा पुल के समीप सड़क किनारे गड्ढे में उसकी हत्या कर शव को फेंक दिया गया. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बतायी गयी वैगन आर कार को भी जब्त कर लिया है.
चाकू नहीं, शराब की कांच की बोतल से हत्या का दावा
एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या चाकू से किये जाने की बात सामने आयी थी. हालांकि, पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि अविनाश की हत्या शराब की कांच की बोतल से की गयी थी. पुलिस अब हत्या से जुड़े अन्य बिंदुओं की भी जांच कर रही है.
तीनों आरोपित न्यायिक हिरासत में भेजे गये
पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले में पुलिस घटनाक्रम, हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए