सीवान में दाहा नदी में कचरा फेंकने का आरोप, जांच और विशेष ऑडिट की मांग
AI से बनाई गई तस्वीर
सीवान की दाहा नदी के प्रवाह क्षेत्र में कचरा फेंके जाने का आरोप लगाते हुए पर्यावरण विभाग को आवेदन दिया गया है. नदी में कचरा डालने से जलप्रवाह बाधित होने और बाढ़ का खतरा बढ़ने की आशंका है. मामले की तत्काल जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है.
Siwan News : सीवान के हुसैनगंज प्रखंड की खानपुर खैराटी पंचायत में दाहा नदी के प्रवाह क्षेत्र में कचरा फेंके जाने का आरोप लगाते हुए पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रधान सचिव को आवेदन दिया गया है. आवेदन में मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गयी है.
पुल के नीचे लंबे समय से कचरा फेंकने का आरोप
अधिवक्ता प्रफुल्ल रंजन ने आवेदन में कहा है कि गराड़ और हुसैनगंज बाजार के बीच शिव मंदिर के पास दाहा नदी पर बने पुल के नीचे लंबे समय से कचरा डाले जाने की शिकायत है. इसमें घरेलू कचरे के अलावा मछली और मुर्गा दुकानों से निकलने वाला जैविक अपशिष्ट, प्लास्टिक और बायो-मेडिकल कचरा भी शामिल होने का आरोप लगाया गया है.
कचरे से जलप्रवाह प्रभावित होने की जतायी आशंका
आवेदन में कहा गया है कि नदी में कचरा डाले जाने से जलप्रवाह प्रभावित हो रहा है. बारिश के मौसम में इससे आसपास के गांवों में जलजमाव और बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है. साथ ही पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जतायी गयी है.
कचरा हटाकर जलप्रवाह बहाल करने की मांग
आवेदक ने स्थल का तत्काल निरीक्षण कर नदी में डाले गये कचरे को हटाने और जलप्रवाह बहाल करने की मांग की है. साथ ही कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कराने तथा पर्यावरणीय क्षति का आकलन कराने का अनुरोध किया गया है.
पंचायत में कचरा प्रबंधन के खर्च की जांच की मांग
आवेदन में लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर पंचायत में हुए खर्च की भी जांच कराने की मांग की गयी है. इसमें सामग्री खरीद, ई-रिक्शा, कर्मियों की नियुक्ति, मस्टर रोल, वाहन लॉगबुक, ईंधन खर्च और कचरा संग्रहण एवं परिवहन से जुड़े अभिलेखों की जांच के साथ विशेष ऑडिट कराने की मांग शामिल है.
जिम्मेदार लोगों से क्षतिपूर्ति वसूलने का अनुरोध
आवेदक ने पर्यावरणीय नुकसान के लिए जिम्मेदार लोगों से क्षतिपूर्ति वसूलने और संभावित बाढ़ के खतरे का आकलन कराने का भी अनुरोध किया है.
मुखिया ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
इधर, पंचायत के मुखिया मोहम्मद सैनुल्लाह अंसारी ने इन आरोपों को बेबुनियाद और गलत बताया. उन्होंने कहा कि पंचायत में कचरा घर बनाया गया है, जहां कचरा डंप किया जाता है. नदी किनारे बाजार के दुकानदारों द्वारा कूड़ा-कचरा फेंके जाने की शिकायत मिलती रही है. इस पर अंचलाधिकारी कई बार लोगों को नदी किनारे कचरा नहीं फेंकने की हिदायत दे चुके हैं, लेकिन लोग ऐसा करने से बाज नहीं आ रहे हैं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए