महाराजगंज में सावन की पहली सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, बारिश में भी श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

Updated:
विज्ञापन
फोटो-महाराजगंज के रामेश्वर धाम शिव मंदिर में सावन की प्रथम सोमवारी को जलाभिषेक करते श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network

महाराजगंज के रामेश्वर धाम शिव मंदिर में सावन की प्रथम सोमवारी को जलाभिषेक करते श्रद्धालु

सावन मास की पहली सोमवार को महाराजगंज में आस्था का अद्भुत सैलाब देखने को मिला. तेज बारिश के बावजूद हजारों श्रद्धालुओं ने शिवालयों में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि की कामना की.

विज्ञापन

Siwan News: सावन मास की पहली सोमवारी पर महाराजगंज अनुमंडल मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला. सोमवार सुबह से हो रही तेज बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचे. बारिश में भीगते हुए भक्तों ने भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और हर-हर महादेव, बोल बम तथा जय शिव के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा.

सुबह से मंदिरों में लगी रही श्रद्धालुओं की लंबी कतार

श्रद्धालु अल सुबह ही पूजा सामग्री के साथ विभिन्न शिवालयों में पहुंच गए. भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और जलाभिषेक कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की. शिवालयों में भगवान शिव के साथ अन्य देवी-देवताओं की भी श्रद्धापूर्वक पूजा की गई. दिन चढ़ने के साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती गई, जिसके कारण लोगों को अपनी बारी के लिए कतार में इंतजार करना पड़ा.

मंदिर समितियों ने संभाली व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए विभिन्न मंदिर समितियों के सदस्य पूरे समय सक्रिय रहे. उन्होंने कतारबद्ध तरीके से जलाभिषेक कराने और भीड़ को व्यवस्थित रखने में सहयोग किया. जलाभिषेक के बाद कई श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर भगवान शिव की आराधना भी की. इस दौरान अधिकांश महिला श्रद्धालु हरे परिधान और पुरुष श्रद्धालु केसरिया वस्त्रों में नजर आए.

रामेश्वरम धाम सहित सभी प्रमुख शिवालयों में उमड़ी भीड़

शहर के सिहौता स्थित रामेश्वरम धाम, नागाजी का मठ, पश्चिमारी मठ, इंदौली मठ, नया बाजार मठ, शिवदह, महुआरी, पटेढ़ी, जिगरहंवा मंदिर सहित विभिन्न छोटे-बड़े शिवालयों में सुबह से ही जलाभिषेक के लिए भक्तों का तांता लगा रहा. मंदिरों में बजती घंटियों और ॐ नमः शिवाय के मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण शिवमय हो गया.

दोपहर एक बजे तक आठ हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

जरती माई मंदिर के पुजारी सुरेंद्र तिवारी ने बताया कि दोपहर एक बजे तक करीब आठ हजार से अधिक श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक कर चुके थे. इसके अलावा उजांय, रुकुंदीपुर, सतजोड़ा, भीखाबांध समेत अन्य शिवालयों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की.

Also Read : गोपालगंज के बाद अब मीरगंज में सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, 450 रुपये मानदेय पर काम से इनकार


विज्ञापन
अफजल अनवर

लेखक के बारे में

By अफजल अनवर

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन