सीवान के दरौंदा में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई, सात उपभोक्ताओं पर जुर्माना, एफआईआर दर्ज

सीवान के दरौंदा प्रखंड में बिजली चोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर 7 उपभोक्ताओं पर भारी जुर्माना लगाया गया है. इन पर विद्युत अधिनियम के तहत FIR भी दर्ज की गई है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी.
सीवान: दरौंदा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बिजली चोरी रोकने के लिए नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एनबीपीडीसीएल) की ओर से विशेष जांच अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान चोरी से बिजली का उपयोग करते पाए गए सात उपभोक्ताओं पर आर्थिक जुर्माना लगाया गया और उनके विरुद्ध दरौंदा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई.
सात उपभोक्ताओं पर लगाया गया आर्थिक दंड
कनीय विद्युत अभियंता दीपक कुमार ने बताया कि विभाग के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने राजापुर और करसौत गांव में छापेमारी की. जांच के दौरान सात उपभोक्ता अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पकड़े गए.
राजापुर गांव की सरवरी खातून पर 35,191 रुपये, जफर अली पर 16,973 रुपये, आसमा बीबी पर 22,597 रुपये, एहसानुल हक पर 91,913 रुपये तथा रोजिद मियां पर 10,441 रुपये का जुर्माना लगाया गया. वहीं करसौत गांव के राजीव प्रसाद पर 9,910 रुपये और टुनटुन प्रसाद पर 9,187 रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया.
विद्युत अधिनियम के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी
बिजली चोरी के सभी मामलों में आरोपितों के विरुद्ध दरौंदा थाना में विद्युत अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. विभाग ने कहा कि बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
बिजली चोरी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगी
कनीय विद्युत अभियंता दीपक कुमार ने कहा कि बिजली चोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. यदि कोई उपभोक्ता चोरी से बिजली का उपयोग करते हुए पकड़ा जाता है या एक वर्ष से अधिक समय तक बिजली बिल का भुगतान नहीं करता है, तो उसका विद्युत कनेक्शन काटने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.
विशेष अभियान आगे भी रहेगा जारी
छापेमारी अभियान में सहायक विद्युत अभियंता (एई) दिलीप कुमार, कनीय अभियंता (जेई) दीपक कुमार, सुपरवाइजर विशाल कुमार, मानवबल ब्रजेश कुमार, मोहम्मद शहाबुद्दीन, समीर कुमार तथा पुलिस बल के जवान शामिल रहे. बिजली विभाग ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी रोकने के लिए विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











