सीवान में कक्षा 9-10 की अर्द्धवार्षिक परीक्षा शुरू, 23 सितंबर तक दो पालियों में होगी परीक्षा
परीक्षा में शामिल छात्र | Prabhat Khabar Network
सीवान जिले के करीब 250 हाई स्कूलों में कक्षा नौ और 10 की अर्द्धवार्षिक परीक्षा सोमवार से शुरू हो गई है. यह परीक्षा 23 सितंबर तक दो पालियों में आयोजित की जाएगी. परीक्षा के कार्यक्रम और विषयों की जानकारी पाएं.
Siwan News : सीवान जिले के करीब 250 हाई स्कूलों में सोमवार से कक्षा नौ और 10 की अर्द्धवार्षिक परीक्षा शुरू हो गयी. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा 23 सितंबर तक आयोजित होगी. प्रधानाध्यापकों की देखरेख में परीक्षा का संचालन कराया जा रहा है.
दो पालियों में हो रही परीक्षा
बोर्ड के निर्देश के अनुसार परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में ली जा रही है. पहली पाली सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम 5.15 बजे तक निर्धारित है. पहली पाली में सुबह 9.30 से 9.45 बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर दो से 2.15 बजे तक परीक्षार्थियों को कूल ऑफ टाइम दिया गया है.
पहले दिन मातृभाषा और द्वितीय भारतीय भाषा का पेपर
परीक्षा के पहले दिन सोमवार को पहली पाली में मातृभाषा विषय की परीक्षा हुई. वहीं दूसरी पाली में द्वितीय भारतीय भाषा विषय की परीक्षा ली गयी. परीक्षा को लेकर स्कूलों में छात्र-छात्राओं की चहल-पहल बनी रही.
आज विज्ञान और सामाजिक विज्ञान की परीक्षा
मंगलवार को पहली पाली में विज्ञान और दूसरी पाली में सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा होगी. परीक्षा के दौरान निर्धारित समय का पालन कराने और परीक्षार्थियों की निगरानी के लिए पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की तैनाती की गयी है.
अंतिम दिन गणित और सामान्य विषय की परीक्षा
बुधवार को परीक्षा के अंतिम दिन पहली पाली में गणित और दूसरी पाली में सामान्य विषय की परीक्षा होगी. इसके साथ ही तीन दिनों में कक्षा नौ और 10 की अर्द्धवार्षिक परीक्षा पूरी हो जायेगी.
दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों के लिए वैकल्पिक विषय
दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों के लिए बोर्ड की ओर से वैकल्पिक विषय की व्यवस्था की गयी है. ऐसे परीक्षार्थी गणित के स्थान पर गृह विज्ञान और विज्ञान के स्थान पर संगीत विषय की परीक्षा देंगे. विद्यालयों को ऐसे परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है.
प्लस टू स्कूलों में 18 सितंबर से चल रही इंटर की परीक्षा
इधर, जिले के सभी प्लस टू स्कूलों में कक्षा 12वीं की अर्द्धवार्षिक परीक्षा 18 सितंबर से चल रही है. इसमें विज्ञान, कला और वाणिज्य संकाय के विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं. सोमवार को पहली पाली में अंग्रेजी और दूसरी पाली में हिंदी विषय की परीक्षा हुई.
शहर के डीएवी हाई सह प्लस टू स्कूल, वीएम इंटर कॉलेज और राजवंशी देवी बालिका हाई सह प्लस टू स्कूल समेत अन्य विद्यालयों में परीक्षा को लेकर चहल-पहल बनी रही.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए