Siwan News : विकास कोष खर्च में अनियमितता पर प्रभारी प्रधानाध्यापक पर गिरी गाज
Published by : YUVRAJ RATAN Updated At : 23 May 2026 7:30 PM
स्कूल की तस्वीर
Siwan News : सीवान के स्कूलों में विशेष जांच अभियान, गड़बड़ी मिलने पर चेतावनी और कार्रवाई
Siwan News (विवेक कुमार सिंह) : वित्तीय अनियमितता के आरोप में दरौंदा प्रखंड स्थित गुंजेश्वरी उच्च माध्यमिक विद्यालय सह इंटर कॉलेज रूकुंदीपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार कुंवर को निलंबित कर दिया गया है. वहीं विद्यालय के पुस्ताकालय अध्यक्ष रविंद कुमार सिंह के निलंबन के लिए उप विकास आयुक्त को अनुशंसा भेजी गयी है.यह कार्रवाई विद्यालय विकास कोष की राशि खर्च करने में अनियमितता की शिकायत के बाद की गयी है.बताया जाता है कि दरौंदा विधायक कर्णजीत सिंह ने महाराजगंज सांसद को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति से अनुमोदन लिये बिना विकास कोष की राशि खर्च की गयी है.
जांच में सही पाए गए आरोप
शिकायत में प्रभारी प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार कुंवर पर वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया गया था. इसके बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी के माध्यम से मामले की जांच कराई गई.जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला सही पाये जाने पर अरविंद कुमार कुंवर को तत्काल प्रभाव से प्रभारी प्रधानाध्यापक पद से हटा दिया गया. विद्यालय में कार्यरत वरीय शिक्षक राकेश कुमार को नया प्रभारी प्रधानाध्यापक नामित किया गया है. साथ ही जिला कार्यक्रम पदाधिकारी माध्यमिक शिक्षा को पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापक के कार्यकाल से संबंधित वित्तीय अभिलेखों की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया था. जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद निलंबन की कार्रवाई की गयी.वहीं पुस्ताकालय अध्यक्ष के विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.
कई विद्यालयों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर सवाल
इधर, शिक्षा विभाग द्वारा जिले के विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना और शैक्षणिक गतिविधियों की जांच के लिए विशेष अभियान भी चलाया गया.जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी और मध्याह्न भोजन योजना के साधनसेवियों से रैंडम आधार पर विद्यालयों का निरीक्षण कराया गया. इस दौरान जिले के 301 विद्यालयों की जांच की गयी.जांच प्रतिवेदन की समीक्षा में तीन विद्यालयों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता में कमी पायी गयी. वहीं तीन विद्यालयों में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली.एक विद्यालय के भंडार गृह में भी साफ-सफाई में लापरवाही सामने आयी.हालांकि अधिकांश विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना का संचालन मानक के अनुरूप पाया गया.जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि जिन विद्यालयों में गड़बड़ी पायी गयी है, उनसे कारण बताओ स्पष्टीकरण मांगा गया है. संबंधित प्रधानाध्यापकों को चेतावनी देते हुए आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और साधनसेवियों को मध्याह्न भोजन योजना की नियमित और सघन मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया है.निरीक्षण के दौरान पायी गयी अनियमितताओं के आधार पर उत्क्रमित मध्य विद्यालय हरपुर गुठनी तथा मध्य विद्यालय अमलोरी सीवान सदर के प्रधानाध्यापकों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गयी है.
Also Read : Saran News : बकरीद पर्व शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील, पुलिस प्रशासन ने की बैठक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










