सीवान: गुठनी पंचायत समिति की बैठक में छाया स्वास्थ्य, राशन और विकास योजनाओं का मुद्दा

Updated:
विज्ञापन
पंचायत समिति की बैठक में उपस्थित पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि | Prabhat Khabar Network

पंचायत समिति की बैठक में उपस्थित पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि

गुठनी पंचायत समिति की बैठक में जर्जर आंगनबाड़ी भवन, अधूरे उप स्वास्थ्य केंद्र, सरयू तटबंध कटाव, राशन वितरण और विकास योजनाओं में अनियमितता के मुद्दे उठे.

विज्ञापन

Siwan News: प्रखंड मुख्यालय स्थित ई-किसान भवन में बुधवार को पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता प्रमुख विंध्यवासिनी नारायण सिंह ने की. बैठक की शुरुआत में बीपीआरओ कुमार कार्तिकेयन ने सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं नीतियों की जानकारी दी. उन्होंने सदन के सुचारू संचालन के लिए सभी जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की.

जर्जर आंगनबाड़ी भवन का मामला उठा

बैठक के दौरान पंचायत समिति सदस्य रविंद्र पासवान ने जतौर पंचायत के भलुई गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के जर्जर भवन में संचालित होने का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र के लिए सुरक्षित भवन उपलब्ध कराने की मांग की.

टड़वा खुर्द के मुखिया अमित चतुर्वेदी ने आरोप लगाया कि जन आरोग्य समिति के अध्यक्ष की सहमति के बिना अस्पताल प्रबंधन द्वारा 30 हजार रुपये की निकासी की गयी है.

वहीं, डरैला पंचायत के मुखिया रणजीत कुशवाहा ने उप स्वास्थ्य केंद्र के अधूरे निर्माण का मामला उठाया. उन्होंने बताया कि एक वर्ष पहले इसकी लिखित शिकायत चिकित्सा पदाधिकारी से की गयी थी, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शब्बीर अख्तर पर निर्माण एजेंसी को एनओसी जारी करने का भी आरोप लगाया.

जन्म प्रमाण पत्र में गड़बड़ी का मुद्दा

रणजीत कुशवाहा ने कहा कि पहले सादे कागज पर जारी किये गये जन्म प्रमाण पत्र आधार केंद्रों पर मान्य नहीं माने जा रहे हैं. कई प्रमाण पत्रों में नाम भी गलत दर्ज हैं. उन्होंने वर्ष 2016 से 2021 तक पंचायत में कराये गये विकास कार्यों का अभिलेख पंचायत भवन में उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा भी उठाया.

इसके अलावा पैक्स प्रबंधन समिति पर किसानों एवं आम लोगों की जमा राशि का भुगतान नहीं करने का गंभीर आरोप लगाया गया.

सरयू तटबंध के कटाव से ग्रामीणों में भय

चिताखाल पंचायत के मुखिया नवमी लाल ने चिताखाल गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र भवन नहीं होने का मुद्दा उठाया. उन्होंने बाबा बालनाथ मंदिर के समीप स्थित सरकारी भूमि पर नया भवन निर्माण कराने की मांग की.

पंचायत समिति सदस्य बाल्मीकि राम ने सरयू नदी के तटबंध पर ग्यासपुर और मैरीटार गांव के समीप हो रहे तेज कटाव का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि कटाव के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है.

पंचायत समिति सदस्य संजय ठाकुर ने आरोप लगाया कि बेलौर पंचायत के सुरवारगुंडी गांव में बिना पौधारोपण कराये ही संबंधित योजना की राशि की निकासी कर ली गयी है.

राशन वितरण में अनियमितता की जांच की मांग

मुखिया विजय सिंह और ललन राय ने आपूर्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाये. उन्होंने गरीब परिवारों के राशन कार्ड से नाम काटे जाने, डीलरों द्वारा निर्धारित मात्रा से कम राशन वितरण करने सहित अन्य अनियमितताओं की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की.

विस्वार पंचायत की मुखिया नयनपति देवी ने पंचायत के पीआरएस अमरजीत यादव पर मनमानी करने और बिना जानकारी दिये राशि निकासी करने का आरोप लगाया. उन्होंने मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी (पीओ) ज्योति सिंह से पीआरएस को तत्काल पंचायत से हटाने की मांग की.

रेबीज और सर्पदंश की दवाओं पर भी हुई चर्चा

बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रेबीज और सर्पदंश की दवाओं की उपलब्धता पर भी चर्चा हुई. इसके अलावा कृषि, सहकारिता, श्रम, पंचायती राज, शिक्षा, पुलिस, राजस्व तथा बाल विकास विभाग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों ने सवाल उठाये. संबंधित विभागों के अधिकारियों ने सवालों के जवाब दिये.

अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी

बुधवार को पंचायत समिति की बैठक में आधा दर्जन से अधिक सदस्यों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व और बिजली से संबंधित मामलों को लेकर सदन में चर्चा की. बैठक में बीपीआरओ कुमार कार्तिकेयन, बीडीओ नवनीत नमन, सीओ डॉ. विकास कुमार, एमओआईसी डॉ. शब्बीर अख्तर, बीसीओ चिंतेश बैठा, मनरेगा पीओ ज्योति सिंह, कनीय अभियंता अवनीश कुमार, बीपीएम सुजीत कुमार, बीओ सुशील चौधरी समेत लगभग सभी पदाधिकारी उपस्थित थे.

वहीं, जनप्रतिनिधियों में बीडीसी भीम यादव, कुंवर जी विश्वकर्मा, संजय ठाकुर, चंपा देवी, मुखिया नयनपति देवी, एसआई प्रवीण कुमार समेत लगभग सभी जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.

क्या कहते हैं बीपीआरओ

बीपीआरओ कुमार कार्तिकेय ने बताया कि अनुपस्थित जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों को सूचना पत्र के माध्यम से लिखित तौर पर दिया गया था. बैठक में जो भी प्रस्ताव आये हैं, उन पर नियमानुसार काम किया जायेगा.

Also Read: वोटिंग से एक दिन पहले प्रशांत किशोर के खिलाफ FIR दर्ज, नीतीश कुमार के वीडियो को फर्जी बताना पड़ा भारी


विज्ञापन
चंद्र प्रकाश दूबे

लेखक के बारे में

By चंद्र प्रकाश दूबे

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन