नगर निकायों की सियासत में बढ़ी हलचल

जिले के नगर निकायों की राजनीति इन दिनों गरमायी हुई है. नगर पंचायत और नगर परिषद के कई जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नियम उल्लंघन, वित्तीय गड़बड़ी और प्रशासनिक अनियमितताओं से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई राज्य निर्वाचन आयोग में चल रहा है.आंदर नगर पंचायत की मुख्य पार्षद चंद्रावती देवी की कुर्सी जाने के बाद अब अन्य लंबित मामलों की भी चर्चा तेज हो गई है और संबंधित जनप्रतिनिधियों की चिंता बढ़ने लगी है.सबसे अधिक चर्चा मैरवा नगर पंचायत की मुख्य पार्षद किसमती देवी को लेकर है.
प्रतिनिधि, सीवान. जिले के नगर निकायों की राजनीति इन दिनों गरमायी हुई है. नगर पंचायत और नगर परिषद के कई जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नियम उल्लंघन, वित्तीय गड़बड़ी और प्रशासनिक अनियमितताओं से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई राज्य निर्वाचन आयोग में चल रहा है.आंदर नगर पंचायत की मुख्य पार्षद चंद्रावती देवी की कुर्सी जाने के बाद अब अन्य लंबित मामलों की भी चर्चा तेज हो गई है और संबंधित जनप्रतिनिधियों की चिंता बढ़ने लगी है.सबसे अधिक चर्चा मैरवा नगर पंचायत की मुख्य पार्षद किसमती देवी को लेकर है. दिसंबर 2024 में मकान कर जमा नहीं करने के मामले में उनकी कुर्सी चली गई थी और उपचुनाव की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई थी हालांकि बाद में न्यायालय के आदेश से उन्हें दोबारा पद पर बहाल कर दिया गया. अब एक बार फिर वे चर्चा में हैं. वार्ड पार्षद दुर्गेंश कुमार ने राज्य निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया है कि सशक्त स्थायी समिति की बैठकें समय पर नहीं होतीं और उसमें लिए गए फैसलों को बोर्ड की बैठक में नहीं रखा जाता.इस मामले की सुनवाई फिलहाल आयोग में चल रही है. इधर सीवान नगर परिषद की मुख्य पार्षद सेंपी देवी भी शिकायतों के घेरे में हैं.वार्ड पार्षद चमन आरा ने उनके खिलाफ आयोग में शिकायत दर्ज कराई है. आरोप है कि योजनाओं में राशि का दोबारा भुगतान किया गया तथा होल्डिंग टैक्स से जुड़े मामलों में अनियमितता बरती गई है.आयोग इस मामले की सुनवाई कर रहा है और संबंधित अभिलेखों की जांच की जा रही है.नगर परिषद के वार्ड पार्षद अजीत कुमार के खिलाफ भी मामला लंबित है. उन पर आरोप है कि उन्होंने चुनावी शपथपत्र में आपराधिक मामले का उल्लेख नहीं किया है यह मामला भी राज्य निर्वाचन आयोग में विचाराधीन है . आंदर नगर पंचायत में उपचुनाव की जल्द शुरू होंगी तैयारी सीवान. आंदर नगर पंचायत की मुख्य पार्षद चंद्रावती देवी को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पद से हटाए जाने के बाद अब नगर पंचायत में उपचुनाव की तैयारी शुरू होने जा रही है. आयोग द्वारा मुख्य पार्षद का पद रिक्त घोषित किए जाने के साथ ही स्थानीय राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है. संभावित प्रत्याशियों ने अभी से राजनीतिक जमीन टटोलनी शुरू कर दी है और विभिन्न गुटों के बीच समीकरण साधने की कवायद तेज हो गई है.राज्य निर्वाचन आयोग के आदेश के अनुसार अब नियमानुसार आंदर नगर पंचायत के मुख्य पार्षद पद के लिए पुनर्निर्वाचन कराया जायेगा. हालांकि चुनाव की तिथि की औपचारिक घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई है.विभिन्न दलों के स्थानीय नेता और सामाजिक कार्यकर्ता संभावित उम्मीदवारों के नामों पर मंथन करने लगे हैं. मुख्य पार्षद रहे चंद्रावती देवी को पद से हटाने के फैसले के बाद यह चुनाव अब सामान्य उपचुनाव नहीं माना जा रहा है, बल्कि इसे स्थानीय जनमत की नयी परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है.राजनीतिक जानकारों का कहना है कि आयोग की कार्रवाई के बाद होने वाला यह चुनाव नगर पंचायत की आगामी राजनीति की दिशा तय करेगा.आंदर नगर पंचायत क्षेत्र में इस फैसले के बाद लोगों के बीच भी चर्चाओं का दौर तेज है.सूत्रों के अनुसार कई स्थानीय चेहरे चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं और अपने-अपने स्तर पर जनसंपर्क अभियान शुरू करने की रणनीति बना रहे हैं. राज्य निर्वाचन आयोग से निर्देश प्राप्त होते ही जिला प्रशासन चुनावी प्रक्रिया शुरू करेगा. इसके तहत मतदाता सूची का पुनरीक्षण, मतदान केंद्रों की तैयारी और अन्य आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी.फिलहाल आंदर नगर पंचायत की राजनीति पूरी तरह उपचुनाव के इर्द-गिर्द घूमने लगी है. आने वाले दिनों में जैसे-जैसे निर्वाचन कार्यक्रम घोषित होगा, वैसे-वैसे राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










