सीवान: जहरीले सांप के डंसने से चार वर्षीय बच्ची की मौत, परिवार में मचा कोहराम

सीवान जिले के आलमपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई, जहां एक चार वर्षीय बच्ची की जहरीले सांप के डंसने से मौत हो गई. रात में बारिश की वजह से बच्ची कमरे में सो रही थी, तभी बिछावन पर छिपे सांप ने उसे काट लिया.
Siwan News: सीवान जिले के बड़हरिया प्रखंड और जामो थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में जहरीले सांप के डंसने से चार वर्षीया एक लड़की की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है और सभी का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जाता है कि जामो थाना क्षेत्र के आलमपुर निवासी शहजाद साईं की चार वर्षीया पुत्री मुस्कान रात में अपनी मां के साथ कमरे में सोयी हुई थी.
बारिश के कारण कमरे में गए
दरअसल, बुधवार-गुरुवार की रात वह पहले अपनी मां के साथ घर के खुले आंगन में सोयी हुई थी. देर रात अचानक तेज बारिश आने पर वह अपनी मां के साथ उठकर अंदर कमरे में सोने चली गयी. इसी दौरान बिछावन (चौकी) पर पहले से छिपे बैठे विषैले सर्प ने बच्ची के दाहिने हाथ में तीन अलग-अलग जगहों पर बुरी तरह डंस लिया. सांप के काटते ही बच्ची दर्द से चिल्ला उठी.
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
रात करीब एक बजे बच्ची के अचानक चीखने-चिल्लाने से घर में पूरी तरह अफरातफरी मच गयी. उसकी करुण चीख सुनकर सो रहे परिजन दौड़कर मौके पर पहुंचे और स्थिति को भांपते हुए इलाज के लिए तत्काल सदर अस्पताल सीवान ले जाने लगे. लेकिन विष शरीर में तेजी से फैलने के कारण रास्ते में ही मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गयी.
डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजनों द्वारा सदर अस्पताल पहुंचने पर ऑन-ड्यूटी डॉक्टरों ने गहन जांचोपरांत बच्ची को आधिकारिक रूप से मृत घोषित कर दिया. ग्रामीणों ने बताया कि बच्ची को डंसने के बाद भी वह विषैला सांप उसी चौकी पर काफी देर तक मौजूद था, जिसे बाद में लोगों ने देखा. इधर, कानूनी प्रक्रिया से बचते हुए दुखी परिजनों ने बच्ची के शव को बहुआरा कादिर गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक (दफना) कर दिया.
नेताओं ने व्यक्त की संवेदना
इस दुखद घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पंचायत समिति सदस्य (बीडीसी) समीउल्लाह अंसारी तथा सामाजिक कार्यकर्ता अमीरुद्दीन आदि ने आलमपुर पहुंचकर शोक संतप्त पीड़ित परिवार से मुलाकात की. उन्होंने परिजनों ढांढस बंधाते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की और इस दुख की बेहद कठिन घड़ी में हरसंभव सरकारी और व्यक्तिगत सहयोग का पूरा भरोसा दिलाया.
Also Read: सीवान: विद्या भवन महिला कॉलेज में पीजी एडमिशन 17 जुलाई तक, तीन विषयों में नामांकन शुरू
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










