पुलिस की सख्ती का असर: चार महीने में बाइक चोरी में 76% की कमी, हॉटस्पॉट पर निगरानी और विशेष अभियान से अपराधियों पर शिकंजा

Updated:
विज्ञापन
पुलिस की सख्ती का असर: चार महीने में बाइक चोरी में 76% की कमी, हॉटस्पॉट पर निगरानी और विशेष अभियान से अपराधियों पर शिकंजा

सीवान पुलिस की विशेष कार्ययोजना और हॉटस्पॉट निगरानी से बाइक चोरी की घटनाओं में 76% की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। जानें कैसे पुलिस ने अपराधियों पर कसा शिकंजा।

विज्ञापन

प्रतिनिधि,सीवान। नगर थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर सीवान पुलिस ने प्रभावी नियंत्रण का दावा किया है. पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने गुरुवार को बताया कि विशेष कार्ययोजना, हॉटस्पॉट पर कड़ी निगरानी, तकनीकी अनुसंधान और शातिर अपराधियों की गिरफ्तारी के कारण पिछले चार महीनों में बाइक चोरी की घटनाओं में लगभग 76 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है. एसपी ने बताया कि मार्च महीने में बाइक चोरी के 72 मामले दर्ज हुए थे.इसके बाद पुलिस ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 के नेतृत्व में विशेष अभियान शुरू किया. परिणामस्वरूप अप्रैल में घटनाएं घटकर 55, मई में 33, जून में 17 और जुलाई के पहले नौ दिनों में केवल चार मामले दर्ज किए गए.उन्होंने बताया कि बढ़ती घटनाओं को देखते हुए नगर थाना में अलग टीम गठित की गई. बाइक चोरी के मामलों की जांच सीधे अनुसंधान पदाधिकारियों को सौंपी गई. चोरी की कई मोटरसाइकिलें बरामद की गईं तथा पुराने शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया. एसपी के अनुसार, पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सदर अस्पताल, राजेंद्र स्टेडियम, न्यायालय परिसर, रजिस्ट्री कार्यालय, कलेक्ट्रेट परिसर सहित अन्य संवेदनशील स्थानों को बाइक चोरी के हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित किया. इन स्थानों पर सादे लिबास और वर्दीधारी पुलिसकर्मियों की नियमित तैनाती की गई. साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच, गश्त बढ़ाने तथा तकनीकी एवं मानवीय सूचना तंत्र को और अधिक सक्रिय किया गया.उन्होंने कहा कि केवल बाइक चोरी ही नहीं, बल्कि सामान्य चोरी और गृहभेदन की घटनाओं में भी कमी आई है. पुलिस ने कई मामलों का उद्भेदन करते हुए चोरी गई मोटरसाइकिलें, नकदी और चांदी के सिक्के भी बरामद किए हैं. वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में एक ही गिरोह से जुड़े मामलों का संयुक्त सुपरविजन कर अपराधियों तक पहुंचने की रणनीति अपनाई गई, जिससे लगातार सकारात्मक परिणाम मिले हैं.एसपी ने बताया कि महादेवा थाना क्षेत्र में भी इसी प्रकार की रणनीति के तहत मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में कमी आई है. उन्होंने आम लोगों से अपील की कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर पार्क करें, सुरक्षा लॉक का उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 9031683607 पर दें.पुलिस का कहना है कि हॉटस्पॉट आधारित निगरानी, विशेष टीमों की सक्रियता, तकनीकी जांच और लगातार सुपरविजन की रणनीति आगे भी जारी रहेगी, ताकि शहर में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जा सके.

विज्ञापन
Amarnath Sharma

लेखक के बारे में

By Amarnath Sharma

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन