जंगलनुमा बगीचे से 250 लीटर विदेशी शराब बरामद, चार तस्करों पर प्राथमिकी दर्ज

प्रतीकात्मक तस्वीर
Siwan News : दरौंदा थाना क्षेत्र के डीबी गांव से पुलिस ने 250 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी गई है।
Siwan News : दरौंदा थाना क्षेत्र के डीबी गांव स्थित एक जंगलनुमा बगीचे से करीब 250 लीटर विदेशी शराब बरामद होने के मामले में पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है.
अपर थानाध्यक्ष के बयान पर दर्ज हुआ मामला
यह कार्रवाई अपर थानाध्यक्ष मोहन कुमार निराला के लिखित बयान पर की गई. पुलिस ने सारण जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र के चांचौरा निवासी रोहित यादव तथा दरौंदा थाना क्षेत्र के नंदा टोला निवासी प्रमोद चौधरी, राजू चौधरी और पिंटू चौधरी को नामजद अभियुक्त बनाया है.
छापेमारी के दौरान आरोपी फरार, मोबाइल और शराब छोड़ भागे
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. भागने की जल्दबाजी में वे घटनास्थल पर एक मोबाइल फोन और भारी मात्रा में विदेशी शराब छोड़ गए, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया.
विभिन्न ब्रांड की करीब 250 लीटर शराब बरामद
बरामद शराब में तीन बोरों में रखी बंटी बबली ब्रांड की 762 पीस (करीब 152 लीटर), ऑफिसर्स चॉइस के 138 टेट्रा पैक (करीब 25 लीटर), किंगफिशर ब्रांड की करीब 33 लीटर, रॉयल स्टैग की करीब 47 लीटर तथा रॉयल स्टैग सुपीरियर की करीब 47 लीटर शराब शामिल है. कुल मिलाकर पुलिस ने लगभग 250 लीटर विदेशी शराब जब्त की है.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
दरौंदा पुलिस ने बताया कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. मामले की जांच जारी है. साथ ही शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










