सीवान में डायल 112 टीम से हाथापाई करने वाला शराब तस्कर गिरफ्तार, 205 बोतल शराब बरामद

Author Amarnath Sharma|Edited by Vivek Ranjan
Updated:
विज्ञापन

बरामद शराब से भरे तीन बैग | Prabhat Khabar

Siwan News: सीवान में डायल 112 की टीम से हाथापाई के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से 205 बोतल शराब बरामद हुई है. दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं.

विज्ञापन

Siwan News: नगर थाना क्षेत्र के छपरा रोड स्थित वर्मा ट्रांसपोर्ट के समीप डायल 112 की टीम के साथ हाथापाई करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार शराब तस्कर को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. मामले में पुलिस के बयान पर दो नामजद, एक अज्ञात आरोपित और बाइक मालिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है.

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

नगर थाना में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार डायल 112 की एमआरवी-1 पर तैनात पुलिस अवर निरीक्षक (पुअनि) शशिकांत राय ने बताया कि 12 जुलाई को वह सिपाही मनोज कुमार के साथ गश्ती ड्यूटी पर थे. दोपहर करीब 2:50 बजे सराय मोड़ के समीप सूचना मिली कि दो बाइक पर सवार तीन युवक जैन स्वीट्स के पास भारी मात्रा में शराब लेकर जा रहे हैं.

सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही बाइक सवार युवक भागने लगे. पीछा कर पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए.

तीन बैग से 205 बोतल शराब बरामद

गिरफ्तार आरोपित की पहचान नगर थाना क्षेत्र के फतेहपुर निवासी धनु कुमार के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान पुलिस ने तीन काले बैग से कुल 205 बोतल शराब बरामद की.

पूछताछ में धनु कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ उत्तर प्रदेश से शराब लेकर आता था और सीवान में उसकी थोक बिक्री करता था.

हाथापाई कर भागने का किया था प्रयास

पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान तस्करों ने डायल 112 पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई कर भागने का प्रयास किया. हालांकि पुलिस ने धनु कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य आरोपित फरार होने में सफल रहे.

दो आरोपित फरार, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

पुलिस के अनुसार फरार आरोपितों में एक की पहचान गोलू कुमार, निवासी देवरिया (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे आरोपित की पहचान अभी नहीं हो सकी है.

नगर थाना पुलिस ने बताया कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

इसे भी पढ़ें: अनंत सिंह और गुंजन सिंह गोपालगंज कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे, मिली स्थायी जमानत, जानें पूरा केस



विज्ञापन
अमरनाथ शर्मा

लेखक के बारे में

By अमरनाथ शर्मा

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन