सीवान : हादसे में दो आइटीआइ छात्रों की मौत आक्रोशित लोगों ने जाम की सड़क

Updated at : 28 Feb 2019 8:03 AM (IST)
विज्ञापन
सीवान : हादसे में दो आइटीआइ छात्रों की मौत आक्रोशित लोगों ने जाम की सड़क

गोरेयाकोठी : थाना क्षेत्र के सिसई गांव के समीप सीवान-बसंतपुर मुख्य मार्ग पर मंगलवार की रात सड़क हादसे में बाइक सवार दो आइटीआइ छात्रों की मौत हो गयी. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने शव सड़क पर रख कर प्रदर्शन शुरू कर दिया. इसकी सूचना मिलते ही आस-पास के थाना के पुलिस व अधिकारियों की […]

विज्ञापन
गोरेयाकोठी : थाना क्षेत्र के सिसई गांव के समीप सीवान-बसंतपुर मुख्य मार्ग पर मंगलवार की रात सड़क हादसे में बाइक सवार दो आइटीआइ छात्रों की मौत हो गयी. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने शव सड़क पर रख कर प्रदर्शन शुरू कर दिया. इसकी सूचना मिलते ही आस-पास के थाना के पुलिस व अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर मामला को शांत कराया.
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के सरेया गांव निवासी हरिशंकर सिंह के पुत्र राहुल कुमार सिंह व महाराजगंज थाना क्षेत्र के बलिया टोला चैन भगत निवासी श्यामाजी शुक्ल के पुत्र अंकित शुक्ल दोस्त थे.
मंगलवार की रात दोनों दोस्त एक साथ अफराद बाजार से किसी काम को लेकर सिसई गांव के तरफ जा रहा था. इसी दौरान सीवान-बसंतपुर मुख्य मार्ग पर सिसई गांव के पास अज्ञात ट्रक ने बाइक को ठोकर मार दी. इस हादसे में दोनों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गयी. ग्रामीणों के अनुसार दोनों दोस्त सड़क के किनारे लहूलुहान स्थिति में पड़े थे. बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त थी.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शव को सड़क पर रख कर जाम कर दिया. सड़क जाम कर ग्रामीण परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे. मुआवजा मिलने के आश्वासन पर जाम को लोगों ने तोड़ा.
जाम की सूचना पर गोरेयाकोठी के अलावा बसंतपुर व महाराजगंज थाना के पुलिस बल भी पहुंचा था. घटना के बाद से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के सूचना मिलने पर पहुंचे गोरेयाकोठी थाने के थानाध्यक्ष आरके दूबे ने बताया कि परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराया गया है. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है. इस मामले में अज्ञात वाहन पर मामला दर्ज किया गया है.
मृतक के परिजन से मिले विधायक
गोरेयाकोठी के राजद विधायक सत्यदेव प्रसाद सिंह ने बलिया टोला चैन भगत निवासी श्यामाजी शुक्ल के पुत्र अंकित शुक्ल की मौत की सूचना मिलने पर परिजनों से मिलकर ढाढ़स बढ़ाया. उन्होंने परिवार के सदस्यों को हर संभव मदद करने की बात कही. इसके बाद उन्होंने सीओ से मिलकर जल्द से जल्द मुआवजा की राशि उपलब्ध कराने की बात कही.
इसके अलावा दो युवकों की मौत पर पूर्व विधायक रणधीर सिंह, राजद नेता सुरेंद्र पांडे, प्रकाश त्रिपाठी सहित अन्य ने शोक जताया है.
तीन भाइयों में सबसे छोटा था राहुल
गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के सरेया गांव निवासी हरिशंकर सिंह के पुत्र राहुल कुमार सिंह तीन भाइयों में सबसे छोटा भाई था. परिवार के सदस्यों के द्वारा अफराद बाजार पर दुकान चलाया जाता था. यहां पर भी वह कभी-कभी आकर बैठता था. दुकान से ही अपने दोस्त के साथ सिसई गांव के तरफ निकला था कि अज्ञात ट्रक के ठोकर से मौत हो गयी. राहुल के शव को भाई ने पोस्टमार्टम कराने के बाद घर पर लेकर पहुंचा.
इसके बाद गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया. घटना के बाद से पिता हरिशंकर सिंह व माता देवेंती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. दो भाइयों में एक दिव्यांग भी है. इधर भाई उपेंद्र कुमार व धर्मेंद्र कुमार का भी रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार के सदस्यों ने घटना के बाद से दुकान को बंद रखा है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन