शॉपिंग मॉल की छत से गिरकर छात्रा की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, FSL टीम जांच में जुटी

Updated:
विज्ञापन
फोटो - घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस व स्थानीय लोग | Prabhat Khabar Network

घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस व स्थानीय लोग

सीतामढ़ी के श्री ढोली सती शॉपिंग मॉल की छत से गिरकर 21 वर्षीय बीए छात्रा श्यामा कुमारी की मौत हो गई. परिजनों ने मॉल के मालिक और मैनेजर पर हत्या कर शव फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

Sitamarhi News: मेहसौल थाना क्षेत्र के शांतिनगर डुमरा रोड स्थित श्री ढोली सती शॉपिंग मॉल की छत से गिरने से 21 वर्षीय श्यामा कुमारी की मौत हो गई. घटना रविवार शाम की है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सदर अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

मृतका की पहचान परसौनी थाना क्षेत्र के मुशहरी गांव निवासी कुंदन कुमार सिंह की पुत्री श्यामा कुमारी के रूप में हुई है.

पढ़ाई के साथ मॉल में भी करती थी काम

परिजनों के अनुसार, श्यामा बीए सेमेस्टर-द्वितीय की छात्रा थी. वह सीतामढ़ी में रहकर पढ़ाई के साथ-साथ श्री ढोली सती शॉपिंग मॉल में काम भी करती थी.

मृतका के भाई प्रिंस कुमार ने बताया कि रविवार सुबह करीब नौ बजे वह अपनी बहन को बाइक से मॉल छोड़कर गया था.

शाम को मिली हादसे की सूचना

परिजनों के मुताबिक, शाम करीब चार बजे मॉल के पास कार्यरत एक व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी कि श्यामा की मॉल के समीप स्थित भवन से नीचे गिरने के कारण मौत हो गई है.

परिवार के लोग जब मॉल पहुंचे तो वहां ताला लगा था और अधिकांश लोग जा चुके थे. बाद में उन्हें पता चला कि पुलिस युवती को सदर अस्पताल ले गई है.

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

मृतका की मां प्रतिमा देवी और भाई ने मॉल के मालिक और मैनेजर पर हत्या कर शव को छत से नीचे फेंकने का आरोप लगाया है. यह आरोप परिजनों की ओर से लगाया गया है और इसकी जांच पुलिस कर रही है.

पुलिस ने अभी तक इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है.

FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, मोबाइल जब्त

मेहसौल थानाध्यक्ष मो. असदुल्लाह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है.

उन्होंने कहा कि मॉल के मालिक और मैनेजर पर हत्या का आरोप लगाया गया है. दोनों फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं. घटना की जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं. पुलिस ने मृतका का मोबाइल भी जब्त कर लिया है.

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.


विज्ञापन
चंद्र मोहन झा

लेखक के बारे में

By चंद्र मोहन झा

चंद्रमोहन विगत 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे जिला और ब्लॉक स्तर पर क्राइम तथा स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी संवेदनशील खबरों के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के समसामयिक मुद्दों पर सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन