बिना अनुमति प्रदर्शन के बाद हिंसा, पुलिस की बड़ी कार्रवाई... 3000 अज्ञात पर भी दर्ज हुआ केस

Author Rahul gautam|Edited by Aaruni Thakur
Updated:
विज्ञापन
गिरफ्तार उपद्रवी को जेल ले जाती पुलिस | Prabhat Khabar Network

गिरफ्तार उपद्रवी को जेल ले जाती पुलिस

सीतामढ़ी में बिना अनुमति प्रदर्शन के बाद हुई हिंसा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 34 नामजद और करीब 3000 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

विज्ञापन

Sitamarhi News: डुमरा थाना क्षेत्र के मर्यादा पथ पर शनिवार को हुए प्रदर्शन के दौरान हिंसा, पथराव और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. 34 नामजद और करीब 3000 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामले में अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है.

बिना अनुमति प्रदर्शन का आरोप

डुमरा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार के बयान पर दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, अंबेडकर कल्याण छात्रावास, सीतामढ़ी और भीम आर्मी द्वारा बिना अनुमति प्रदर्शन किए जाने की सूचना मिलने के बाद मर्यादा पथ के मुख्य द्वार पर पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी.

मौके पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी, सदर एसडीपीओ-1, अंचल निरीक्षक सहित नगर, पुनौरा, मेहसौल और यातायात थाना पुलिस के अधिकारी भी मौजूद थे.

प्राथमिकी में क्या आरोप लगाए गए?

प्राथमिकी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने अचानक उग्र होकर पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी.

पुलिस का आरोप है कि प्रशासन की अपील के बावजूद प्रदर्शनकारी मुख्य द्वार तक पहुंच गए और इसके बाद पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंके, सरकारी वाहनों और अन्य सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया तथा पुलिसकर्मियों के हेलमेट और बॉडी प्रोटेक्टर भी छीन लिए.

लाठीचार्ज और आंसू गैस छोड़ने का दावा

पुलिस के मुताबिक, पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया गया.

जब स्थिति नियंत्रित नहीं हुई तो लाठीचार्ज किया गया और करीब 30 राउंड आंसू गैस के गोले छोड़े गए. प्राथमिकी में यह भी उल्लेख है कि इसके बाद भीड़ तितर-बितर हो गई, लेकिन शंकर चौक समेत अन्य स्थानों पर कुछ लोगों द्वारा आम नागरिकों के साथ मारपीट और वाहनों में आगजनी की घटनाएं भी हुईं.

वीडियोग्राफी के आधार पर जारी है पहचान

पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी कराई गई है.

इन्हीं वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बाकी आरोपियों की पहचान की जा रही है और गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है.

15 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने जिन 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है, उनमें दिवाकर कुमार, गौरव कुमार, प्रशांत प्रियदर्शी, गौतम कुमार, सर्वेश कुमार, मो. ऐहतेसाम, मो. अमानत, आकिब अली, मनीष कुमार, अमन कुमार, नितेश कुमार, विकास कुमार, सन्नी कुमार, मो. अब्दुल्ला अंसारी और रोहित कुमार शामिल हैं.

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
Rahul Gautam

लेखक के बारे में

By Rahul Gautam

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन