डायन कहकर पीटा, कपड़े फाड़े, अब मुकदमा उठाने की धमकी

सांकेतिक तस्वीर
सीतामढ़ी में एक विधवा महिला को डायन कहकर पीटा गया और कपड़े फाड़े गए। आरोपी अब मुकदमा वापस लेने के लिए जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़िता ने एसपी से गुहार लगाई।
प्रतिनिधि सीतामढ़ी. रून्नीसैदपुर थाना क्षेत्र की सावित्री देवी (48) को विधवा और डायन कहकर पड़ोसियों द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है. गाली-गलौज के साथ 6 और 7 जुलाई को लाठी-डंडे से मारपीट कर उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए. जीविका समूह की सक्रिय सदस्य और गांव विकास मंच से जुड़ी सावित्री ने बुधवार को एसपी से मिलकर अपनी पीड़ा साझा की. पीड़िता ने बताया कि घटना के दिन 112 नंबर पर कॉल करने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कई लोगों को गिरफ्तार कर थाने ले गयी. उनका बयान भी दर्ज हुआ और रून्नीसैदपुर थाना में कांड संख्या 247/26 दर्ज किया गया. लेकिन, आरोपियों को थाने से ही छोड़ दिया गया. अब एफआइआर में नामजद लोग खुलेआम गाली-गलौज कर रहे हैं और मुकदमा वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं. गांव में पहले भी पंचायती हुई थी और लोगों को डांट-फटकार लगी थी, लेकिन उनकी हरकतों में कोई सुधार नहीं हुआ. एसपी ने सावित्री की बातों को गंभीरता से सुनते हुए उचित कार्रवाई और सुरक्षा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है. अति पिछड़ा समुदाय से आने वाली सावित्री ने प्रशासन से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राकेश कुमार राज
राकेश पिछले 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वे प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. राकेश क्राइम रिपोर्टिंग के अलावा सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने के लिए जाने जाते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति और दिलचस्प किस्से-कहानियों में उनकी विशेष रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










