sitamarhi smuggler escapes: थाना हाजत से चरस तस्कर फरार, तीन चौकीदार निलंबित

फरार तस्कर प्रभु भगत की फाइल की फाइल फोटो
sitamarhi smuggler escapes: परिहार थाना हाजत से 1.023 किलो चरस के साथ पकड़ा गया कुख्यात तस्कर प्रभु भगत वेंटिलेटर तोड़कर फरार हो गया. इस मामले में एसपी ने तीन चौकीदारों को निलंबित कर एसडीपीओ को जांच के आदेश दिए हैं.
सीतामढ़ी से राकेश कुमार राज की रिपोर्ट
sitamarhi smuggler escapes: परिहार थाना हाजत से चरस के साथ गिरफ्तार कुख्यात तस्कर प्रभु भगत के फरार होने के मामले को पुलिस अधीक्षक ने बेहद गंभीरता से लिया है. इस बड़ी लापरवाही के बाद एसपी ने ड्यूटी पर तैनात तीन चौकीदारों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी है. इसके साथ ही मामले की विस्तृत जांच का जिम्मा सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) को सौंपा गया है.
वेंटिलेटर का शीशा तोड़कर भागा कुख्यात
जानकारी के अनुसार, परिहार थाना पुलिस ने बीते 28 जून 2026 को वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोका था. तलाशी के दौरान उसके पास से 1.023 किलोग्राम चरस बरामद हुई थी. तस्कर की पहचान परसौनी थाना क्षेत्र के मदनपुर निवासी प्रभु भगत (पिता महेंद्र भगत) के रूप में हुई थी. पुलिस ने इस मामले में परिहार थाना कांड संख्या-177/26 दर्ज कर उसे हाजत में रखा था. पुलिस अभिरक्षा में रहने के दौरान ही 29 जून को आरोपी मौका पाकर फरार हो गया. सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि तस्कर ने हाजत के शौचालय में बने वेंटिलेटर का शीशा तोड़ा और वहां से भाग निकला.
तस्कर का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास
हाजत से आरोपी के भागने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने इस संबंध में लापरवाही और फरार होने की धाराओं में एक और प्राथमिकी (कांड संख्या-178/26) दर्ज की है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार आरोपी प्रभु भगत का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह कई गंभीर मामलों में संलिप्त रहा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर-2 के एसडीपीओ को गहन जांच के आदेश दिए गए हैं. जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पुलिसकर्मियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस टीम फरार तस्कर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
ये भी पढ़ें: जंक्शन ओवरब्रिज का काम तेज करने की मांग, मंत्री से मिले डॉ मिथिलेश कुमार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










