Sitamarhi News: सीतामढ़ी के चोरौत में शॉर्ट सर्किट से भीषण अग्निकांड, आधा दर्जन से अधिक परिवार हुए बेघर

Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 27 May 2026 4:32 PM

विज्ञापन

शॉर्ट सर्किट से भीषण अग्निकांड, आधा दर्जन से अधिक परिवार हुए बेघर

Sitamarhi News: सीतामढ़ी के चोरौत में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में आधा दर्जन से अधिक परिवारों के घर जलकर राख हो गए. लाखों की संपत्ति के नुकसान के बाद सीओ ने जांच और सरकारी सहायता के निर्देश दिए हैं.पढ़ें पूरी खबर...

विज्ञापन

Sitamarhi News: बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. चोरौत थाना क्षेत्र की भंटाबारी पंचायत के मिसरिया टोल (वार्ड संख्या 14) में मंगलवार की रात भीषण आग लग गई. इस अग्निकांड में आधा दर्जन से अधिक परिवारों के आशियाने जलकर राख हो गए और लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई.

बिजली के शॉर्ट सर्किट से भड़की आग

मिली जानकारी के अनुसार, आग लगने का मुख्य कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. रात में अचानक रामशरण मुखिया के पुत्र सकलदेव मुखिया के घर से आग की लपटें उठने लगीं. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के अन्य घरों को अपनी चपेट में ले लिया.

सामान निकालने तक का नहीं मिला मौका

आग इतनी तेजी से फैली कि पीड़ित परिवारों को अपने घरों से सामान निकालने तक का मौका नहीं मिल सका. इस हादसे में सकलदेव मुखिया, लक्ष्मण मुखिया, भरत मुखिया, किरण देवी (पति मनोज मुखिया), रीना देवी (पति संता मुखिया), पुनीता देवी (पति बलदेव मुखिया), बिछिया देवी (पति चंदेश्वर मुखिया) और देव सुंदर देवी (पति शनिचर मुखिया) के घर पूरी तरह जल गए. आग में नगद रुपए, अनाज, कपड़े, कीमती फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान जलकर खाक हो गए.

ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा हादसा

स्थानीय ग्रामीणों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया. ग्रामीणों के अनुसार, अधिकांश घरों की दीवारें ईंट की थीं, जिससे आग ज्यादा आगे नहीं फैल सकी, अन्यथा और भी बड़ी घटना घट सकती थी. इस दौरान कुछ मवेशी और आग बुझा रहे कई ग्रामीण आंशिक रूप से झुलस गए. बाद में सूचना पाकर पहुंची स्थानीय पुलिस और दमकल की गाड़ी ने मलबे में सुलग रही आग को पूरी तरह शांत किया.

सरकारी सहायता और मुआवजे की मांग

घटना के बाद से ही पूरे इलाके में कोहराम और अफरा-तफरी का माहौल है. मुखिया प्रतिनिधि साधु साफी ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तुरंत राहत सामग्री और आर्थिक सहायता देने की मांग की है. वहीं, सीओ सह आपदा प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि राजस्व कर्मचारी अभय कुमार को घटनास्थल की जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है, ताकि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द सरकारी मुआवजा दिया जा सके.

सीतामढ़ी के चोरौत से अरुण कुमार चौधरी की रिपोर्ट

विज्ञापन
SUMIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन