सीतामढ़ी : हरियाली की बड़ी मुहिम, मनरेगा के तहत लगेंगे 5.16 लाख पौधे, रुन्नीसैदपुर में सबसे अधिक पौधारोपण

सांकेतिक तस्वीर
Sitamarhi News: जिले में मनरेगा के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 5.16 लाख पौधे लगाए जाएंगे. प्रत्येक पंचायत में दो हजार पौधों का लक्ष्य है. पौधों की देखरेख के लिए वनपोषक चुने जाएंगे और रुन्नीसैदपुर में सर्वाधिक पौधारोपण होगा. पढ़ें पूरी खबर…
सीतामढ़ी से रौशन कुमार की रिपोर्ट
Sitamarhi News: जिला प्रशासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मनरेगा के तहत बड़े पैमाने पर पौधारोपण की तैयारियां शुरू कर दी हैं. जल जीवन हरियाली अभियान के तहत इस वर्ष जिले की निजी और सार्वजनिक भूमि पर कुल 5 लाख 16 हजार पौधे लगाए जाएंगे. मुख्य रूप से सड़कों और जल संरचनाओं के किनारे पौधारोपण किया जाएगा. ग्रामीण विकास विभाग ने इस संबंध में जिलाधिकारी (DM) और उप विकास आयुक्त (DDC) से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है.
प्रति पंचायत दो हजार पौधों का लक्ष्य, युक्तधारा पोर्टल अनिवार्य
विभाग ने पिछले वर्ष के पौधारोपण का आकलन करने के बाद इस वर्ष का ब्लॉक और पंचायतवार लक्ष्य निर्धारित किया है. मानसून के दौरान प्रत्येक पंचायत में १० यूनिट यानी कुल दो हजार पौधे लगाने का लक्ष्य है, जहां एक यूनिट में २०० पौधे निर्धारित हैं. खास बात यह है कि इस वर्ष से वार्षिक कार्य योजना का निर्माण ‘युक्तधारा’ पोर्टल के माध्यम से करना अनिवार्य किया गया है. सबसे अधिक पंचायतों वाले रुन्नीसैदपुर प्रखंड में सर्वाधिक 66 हजार, परिहार में 54 हजार और बथनाहा में 42 हजार पौधे लगाए जाएंगे.
पौधों की देखभाल के लिए चुने जाएंगे वनपोषक –डीडीसी
डीडीसी संदीप कुमार ने बताया कि सभी कार्यक्रम पदाधिकारियों (PO) को योजनावार वनपोषक व लाभुकों का चयन करने और अन्य औपचारिकताएं समय पर पूर्ण करने का निर्देश दे दिया गया है.
पौधों को सुरक्षित रखने के लिए सार्वजनिक भूमि पर प्रति १०० पौधों पर एक ‘वनपोषक’ का चयन किया जाएगा. वहीं निजी भूमि पर लगाए गए पौधों की देखरेख की जिम्मेदारी संबंधित लाभुकों को सौंपी जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










