School Transformation Sitamarhi: स्वतंत्रता सेनानियों के गांव का स्कूल बना मॉडल, मेधा छात्रवृत्ति से लेकर स्वच्छता में पाया पहला मुकाम

Updated:
विज्ञापन
School Transformation Sitamarhi Middle school madhopur transformation to smart school five star rating

मध्य विद्यालय, माधोपुर इन्सेट- विधालय कक्ष में शिक्षक के साथ बच्चें

School Transformation Sitamarhi: जिले के मध्य विद्यालय माधोपुर ने बदहाली और जर्जर भवन से उबरकर स्मार्ट स्कूल का सफर तय किया है. नए प्रधानाध्यापक के प्रयास से यह स्कूल आज फाइव स्टार रेटिंग और बेहतरीन शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ जिले का मॉडल बना है.

विज्ञापन

सीतामढ़ी से रतिकांत झा की रिपोर्ट

School Transformation Sitamarhi: बथनाहा प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय, माधोपुर ने बदहाली से उबरकर सफलता की एक नई इबारत लिखी है. अंग्रेजी शासनकाल में स्थापित यह विद्यालय एक समय जर्जर भवन, गंदगी, पेयजल संकट और स्थानीय विवादों के कारण बंद होने की कगार पर पहुंच गया था. लेकिन सितंबर 2023 में मास्टर ट्रेनर शिक्षक राकेश कुमार ने जब प्रधानाध्यापक का पदभार संभाला, तो उन्होंने इस चुनौती को अवसर में बदल दिया. उनके कुशल नेतृत्व और सामूहिक प्रयास से महज दो वर्षों में विद्यालय की पूरी तस्वीर बदल गई.

विवादों और बदहाली से उठकर बना जिले का उत्कृष्ट स्कूल

ग्रामीणों के अनुसार, यह वही गांव है जिसने देश को 10 स्वतंत्रता सेनानी दिए हैं. मगर एक वक्त ऐसा आया जब विवादों के चलते यहां के शिक्षकों ने तबादला करा लिया और अभिभावकों का भरोसा सरकारी सिस्टम से उठ गया. नए प्रधानाध्यापक ने गांव में घर-घर जाकर लोगों से संवाद स्थापित किया, जनप्रतिनिधियों और शिक्षा विभाग का सहयोग लिया तथा विकास की ठोस योजना बनाई. आज यह विद्यालय स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक परिसर के साथ आधुनिक शिक्षा सुविधाओं से लैस हो चुका है.

स्मार्ट क्लास, आरओ प्लांट और आधुनिक सुविधाओं से हुआ लैस

सांसद देवेश चंद्र ठाकुर की अनुशंसा पर विद्यालय को स्मार्ट बोर्ड, प्रोजेक्टर, आरओ पेयजल प्रणाली, सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन और इंसिनरेटर जैसी आधुनिक सुविधाएं मिली हैं. शिक्षा विभाग के सहयोग से पुराने भवनों का जीर्णोद्धार हुआ और पूरे परिसर का सौंदर्यीकरण किया गया. तत्कालीन डीपीओ ने इस स्कूल के समर्पण को देखकर इसे गोद लिया था, जिससे इसके बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में बड़ी मदद मिली.

पुरस्कार और मेधा छात्रवृत्ति में लहराया परचम

विद्यालय को वर्ष 2025 में ‘स्वच्छ एवं हरित विद्यालय पुरस्कार’ के तहत फाइव स्टार रेटिंग प्राप्त हुई. इसके अलावा, राष्ट्रीय आय-सह-मेधा छात्रवृत्ति योजना 2025-26 में यहां के पांच विद्यार्थियों का चयन हुआ. शैक्षणिक वर्ष 2026-27 में टाइम्स फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा क्रिटिकल थिंकिंग पर की गई जांच में यहां के बच्चों का उपलब्धि स्तर 78% रहा है, जिन्हें जल्द ही पुरस्कृत किया जाएगा. हालांकि, नामांकन बढ़ाना और अतिरिक्त कमरों के लिए भूमि जुटाना अभी भी एक चुनौती है.

ये भी पढ़ें: मैनुअल पास बंद होने से नाराज दिखे रेलवे पेंशनर्स,स्टेशन पर गोष्ठी में जताया विरोध

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन