बुडको की लापरवाही पर बिफरे वार्ड पार्षद, विधायक ने दिया एक माह का अल्टीमेटम

फोटो - बैठक में उपस्थित विधायक, सभापति, ईओ व अन्य. | Prabhat Khabar Network
पुपरी नगर परिषद की सामान्य बोर्ड की बैठक में शहर के विकास और जनहित योजनाओं पर चर्चा हुई. हालांकि, बुडको विभाग द्वारा कराए जा रहे धीमे निर्माण कार्य को लेकर सदन में जमकर हंगामा हुआ.
Pupri Nagar Parishad board meeting: पुपरी नगर परिषद जनकपुर रोड की सामान्य बोर्ड की बैठक मंगलवार को सभापति ब्रजेश कुमार जालान की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक नागेंद्र राउत शामिल हुए. बैठक में शहर के चौमुखी विकास, आगामी त्योहारों की तैयारी और विभिन्न जनहित योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई, लेकिन बुडको विभाग द्वारा कराए जा रहे लचर निर्माण कार्य को लेकर सदन में जमकर हंगामा हुआ.
सड़क और नाला निर्माण में देरी पर फूटा पार्षदों का गुस्सा
बैठक के दौरान सबसे गर्म बहस बुडको विभाग की कार्यशैली को लेकर हुई. वार्ड संख्या 5 और 6 के पार्षदों ने एसएच-52 से लेकर शंभू प्रसाद के घर तक बन रहे आरसीसी नाले और पीसीसी सड़क निर्माण में हो रहे अत्यधिक विलंब का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. वार्ड सदस्यों ने आरोप लगाया कि संवेदक द्वारा काम को बीच में ही अधूरा छोड़ दिए जाने के कारण पहली बारिश में ही पूरा इलाका टापू बन गया है. जलजमाव और कीचड़ की वजह से स्कूली बच्चे और बुजुर्ग आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं. इस मुद्दे पर आक्रोशित सदस्यों ने सदन में जमकर हंगामा किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक नागेंद्र राउत ने मौके पर मौजूद बुडको के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि काम में तेजी लाएं और एक महीने के भीतर निर्माण कार्य को हर हाल में पूरा करें.
शहर के सौंदर्यीकरण और विकास के कई प्रस्तावों पर लगी मुहर
बैठक में अर्बन चैलेंज फंड के तहत गुदरी बाजार, टेम्पो स्टैंड, बस स्टैंड और पार्क सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण एवं विकास का प्रस्ताव रखा गया. विधायक ने कहा कि फंड का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ जनता की सुविधा के लिए होना चाहिए. इसके अलावा, बैठक में आगामी श्रावण मास और 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की गई. साथ ही एमआरएफ सेंटर, कंपोस्ट पीट और एसटीपी के निर्माण हेतु भूमि को सशर्त लीज पर लेने से जुड़े आवेदनों पर भी विचार-विमर्श किया गया.
बैठक में ये रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में उपसभापति जय प्रकाश उर्फ जयकिशोर, कार्यपालक पदाधिकारी केशव गोयल, स्वच्छता पदाधिकारी सलाउद्दीन अयूबी, बुडको के सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार सहित वार्ड पार्षद श्याम राज, दिनेश कसेरा, अनिल सिंघानिया, अब्दुल खालिक सूरज, शुभकला देवी, नीरज दास, गणेश कुमार, विश्व मोहन दास, सुशीला देवी और विलकीश खातून मुख्य रूप से उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










