बिहार राजस्व रैंकिंग में सीतामढ़ी जिला अव्वल, बैरगनिया अंचल को मिला सूबे में पहला स्थान

रैंकिंग की उपलब्धियों का बनाया गया लोगो | Prabhat Khabar Network
सीतामढ़ी जिले ने जून 2026 की बिहार राजस्व रैंकिंग में पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त कर इतिहास रचा है. इस उपलब्धि में बैरगनिया अंचल ने भी प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है, जो जिले के लिए गौरव का क्षण है.
Sitamarhi Revenue Ranking: राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, पटना द्वारा जून 2026 की जारी रैंकिंग रिपोर्ट में सीतामढ़ी जिले ने पूरे बिहार में पहला स्थान हासिल कर एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है. दाखिल-खारिज, वादों के निष्पादन और राजस्व वसूली जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की समेकित रिपोर्ट के आधार पर तय होने वाली इस रैंकिंग में सीतामढ़ी ने सूबे के अन्य सभी जिलों को पीछे छोड़ दिया है. इस ऐतिहासिक सफलता पर जिला प्रशासन और राजस्व विभाग के अधिकारियों में हर्ष का माहौल है.
एक साथ कई उपलब्धियां, बेलसंड डीसीएलआर भी प्रथम स्थान पर
जून महीने की यह रैंकिंग रिपोर्ट जिले के लिए चौतरफा खुशियां लेकर आई है. डीपीआरओ कमल सिंह ने बताया कि जिलों की रैंकिंग के साथ-साथ अधिकारियों और अंचलों की व्यक्तिगत रैंकिंग में भी जिले का दबदबा रहा है. एडीएम (राजस्व) संजीव कुमार ने सूबे में तीसरा स्थान हासिल किया है, जबकि बेलसंड डीसीएलआर को बिहार में प्रथम स्थान मिला है. इसके अलावा पुपरी डीसीएलआर को आठवां और सीतामढ़ी सदर डीसीएलआर को 12वां स्थान प्राप्त हुआ है.
अंचलों में भी दिखा दम, बैरगनिया पहले तो सोनबरसा दूसरे नंबर पर
अंचलों के प्रदर्शन की बात करें, तो बिहार के तमाम अंचलों को पछाड़कर सीतामढ़ी जिले का बैरगनिया अंचल पूरे सूबे में प्रथम स्थान पर रहा है. वहीं सोनबरसा अंचल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है. टॉप टेन अंचलों में जिले के कुल चार अंचल शामिल हैं, जिनमें बैरगनिया पहले, सोनबरसा दूसरे, सुप्पी छठे और चोरौत आठवें स्थान पर है. इसके अलावा परिहार अंचल को 12वां स्थान मिला है. इस शानदार प्रदर्शन के बल पर सीतामढ़ी जिले ने कुल 61.40 प्रतिशत अंक हासिल कर अप्रत्याशित सफलता दर्ज की है.
इन मानकों के आधार पर मिली शानदार सफलता, डीएम ने जताई खुशी
इस रैंकिंग का निर्धारण मुख्य रूप से म्यूटेशन व परिमार्जन प्लस के सुपरविजन, अभियान बसेरा-2, आधार सीडिंग की स्थिति और डीएम, एडीएम व डीसीएलआर कोर्ट में मामलों के निष्पादन के आधार पर किया जाता है. इस बड़ी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डीएम रिची पांडेय ने पूरी राजस्व टीम को बधाई दी है. उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य करना जिला प्रशासन की मुख्य प्राथमिकता है.
ये भी पढ़ें: डायल-112 की समीक्षा, एसपी अमित रंजन ने पुलिसकर्मियों को दिए त्वरित रिस्पॉन्स के निर्देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










