संवेदक की लापरवाही से सड़क बनी नर्क, वार्ड 5-6 के लोग परेशान.

Author Baidnath thakur|Edited by Vinay pandey
Updated:
विज्ञापन

फोटो - सड़क पर जमा कीचड़. | Prabhat Khabar Network

सीतामढ़ी के पुपरी में बुडको की लापरवाही से सड़क और नाले का काम अधूरा है, जिससे वार्ड 5-6 के लोग कीचड़ और जलजमाव के कारण नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।

विज्ञापन

फोटो - सड़क पर जमा कीचड़. पुपरी में विकास बना जी का जंजाल: बुडको की लापरवाही से अधूरी सड़क और नाला कीचड़ में तब्दील, लोग परेशान पुपरी (सीतामढ़ी): नगर के वार्ड संख्या 5 और 6 के निवासियों के लिए विकास कार्य ही अब सबसे बड़ी मुसीबत बन चुका है. पुपरी एसएच-52 से गुमती संख्या 36 होते हुए शंभू प्रसाद के घर तक बुडको विभाग द्वारा कराया जा रहा पक्का नाला और पीसीसी सड़क का निर्माण कार्य कछुआ गति और लापरवाही की भेंट चढ़ गया है. संवेदक की मनमानी और विभाग की उदासीनता के कारण स्थानीय लोगों को रोजाना नारकीय स्थिति का सामना करना पड़ रहा है. अधूरा काम और बारिश ने बढ़ाई मुसीबत स्थानीय निवासी हृषिकेश कुमार चौधरी, उमाशंकर ठाकुर, कृष्ण मुरारी गिरि, भोगेन्द्र गिरि और राजकुमार मंडल ने रोष व्यक्त करते हुए बताया कि संवेदक ने नाले का निर्माण कर उसे गुमती के पास ही अधूरा छोड़ दिया है. इसके साथ ही सड़क को भी पूरी तरह खोदकर छोड़ दिया गया है. न तो नाला पूरा हो पाया है और न ही सड़क की पीसीसी ढलाई की गई है. हल्की बारिश होते ही पूरी सड़क कीचड़ और गहरे गड्ढों के दलदल में तब्दील हो जाती है. इस वजह से स्कूल जाने वाले बच्चे और बुजुर्ग आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं. आए दिन दोपहिया और चारपहिया वाहन इस कीचड़ में फंस रहे हैं, जिससे घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है. आंदोलन की चेतावनी स्थानीय पूर्व मुखिया प्रवीण कुमार और संजय पासवान ने कहा कि अब घरों से बाहर निकलने से पहले दस बार सोचना पड़ता है. बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है क्योंकि वे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं. लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद बुडको के अधिकारी और संवेदक सुध लेने को तैयार नहीं हैं. आक्रोशित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बुडको के वरीय अधिकारियों से मांग की है कि अतिशीघ्र सड़क की मरम्मत कराकर आवागमन सुचारू किया जाए. यदि कार्य जल्द पूरा नहीं हुआ, तो स्थानीय लोग उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे. एक सप्ताह में काम पूरा करने का मिला आश्वासन इस संबंध में जब बुडको के सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि नल-जल योजना की पाइपलाइन टूटने और हाल ही में हुई बारिश के कारण वहां जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हुई है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि एक सप्ताह के अंदर सभी घरों में पाइप लाइन चालू करवाकर पीसीसी सड़क की ढलाई का कार्य पूरा करा दिया जाएगा.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन