नीट आंदोलन के दौरान कारगिल चौक पर बवाल, बैरिकेड लेकर निकल पड़े युवक, 3 संदिग्ध हिरासत में

Updated:
विज्ञापन
कारगिल चौक से मेहसौल चौक की ओर ट्रौली बैरिकेड ले जाते उपद्रवी युवा एवं किशोर. | Prabhat Khabar Network

कारगिल चौक से मेहसौल चौक की ओर ट्रौली बैरिकेड ले जाते उपद्रवी युवा एवं किशोर

सीतामढ़ी में नीट परीक्षा आंदोलन हिंसक हो उठा। कारगिल चौक पर छात्रों ने पुलिस बैरिकेड को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया। घटना के बाद डीएम-एसपी पहुंचे और 3 संदिग्धों को हिरासत में लिया।

विज्ञापन

Sitamarhi NEET Protest: भीम आर्मी भारत एकता मिशन के आह्वान पर शनिवार को आयोजित नीट परीक्षा आंदोलन के दौरान शहर के कारगिल चौक के पास उपद्रव की घटना सामने आई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्रों के वेश में आए कुछ युवकों ने पुलिस की ओर से लगाए गए ट्रॉली बैरिकेड के साथ छेड़छाड़ की और उसे क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया.

हालांकि, शहर के अधिकांश हिस्सों में स्थिति शांतिपूर्ण रही और अधिकांश व्यावसायिक प्रतिष्ठान व दुकानें बंद रहीं.

बैरिकेड पर चढ़े, फिर धकेलते हुए ले गए

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ युवक लाठी-डंडों के साथ बैरिकेड के पास पहुंचे और उसे नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया.

इसके बाद कुछ युवक बैरिकेड पर चढ़ गए, जबकि अन्य उसे ठेले की तरह धकेलते हुए मेहसौल चौक की ओर ले जाते दिखाई दिए. इस दौरान दो ट्रॉली बैरिकेड को साथ लेकर जाते हुए भी उपद्रवी नजर आए.

कुछ देर तक नहीं हुआ हस्तक्षेप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के दौरान मौके पर कोई पुलिसकर्मी तत्काल हस्तक्षेप करता नहीं दिखा, जिससे कुछ समय तक बैरिकेड के साथ छेड़छाड़ होती रही.

बाद में स्थिति सामान्य हो गई, लेकिन घटना को लेकर स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा.

डीएम-एसपी पहुंचे, तीन संदिग्ध हिरासत में

घटना की सूचना मिलने के बाद डीएम, एसपी सहित बड़ी संख्या में पुलिस और अर्द्धसैनिक बल कारगिल चौक पहुंचे.

पुलिस ने मौके से तीन संदिग्ध उपद्रवियों को हिरासत में लिया. इसके कुछ देर बाद तिरहुत प्रक्षेत्र के डीआईजी चंदन कुशवाहा भी घटनास्थल पर पहुंचे.

शहर में निकाला गया फ्लैग मार्च

घटना के बाद प्रशासन ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी दी.

फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है. प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है.


विज्ञापन
रतिकांत झा

लेखक के बारे में

By रतिकांत झा

रतिकांत पिछले करीब 17 वर्षों से पत्रकारिता में निरंतर कार्यरत हैं. उन्हें राजनीति, धर्म-अध्यात्म, पर्व-त्योहार, अपराध, सामाजिक सरोकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं जैसे बहुआयामी विषयों पर लगातार सटीक रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव प्राप्त है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन