पुपरी में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी तेज, एसडीओ ने अधिकारियों को दिए कई निर्देश

Updated:
विज्ञापन

बैठक में उपस्थित एसडीओ व अन्य

पुपरी अनुमंडल में स्वतंत्रता दिवस को भव्य रूप से मनाने की तैयारियां जोरों पर हैं. एसडीओ गौरव कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में ध्वजारोहण, सलामी परेड, राष्ट्रगान और नगर की सजावट जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई. सभी विभागों को समय पर अपने दायित्व निभाने के निर्देश दिए गए हैं.

विज्ञापन

Sitamarhi News: स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य और गरिमामय ढंग से मनाने को लेकर शुक्रवार को पुपरी अनुमंडल कार्यालय स्थित एसडीओ के प्रकोष्ठ में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता एसडीओ गौरव कुमार ने की. इस दौरान ध्वजारोहण, सलामी परेड, राष्ट्रगान, सुरक्षा व्यवस्था और नगर की सजावट सहित विभिन्न तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई.

ध्वजारोहण और तिरंगा फहराने का समय तय

बैठक में निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत अनुमंडल व्यवहार न्यायालय एवं अनुमंडल कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण के साथ होगी. इसके अलावा अनुमंडल क्षेत्र के सभी सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए समय-सीमा भी निर्धारित की गई.

सलामी परेड और राष्ट्रगान की जिम्मेदारी एसआरडीएवी को

सलामी परेड के दौरान राष्ट्रगान और बैंड की व्यवस्था की जिम्मेदारी एसआरडीएवी पब्लिक स्कूल को सौंपी गई. एसडीओ गौरव कुमार ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम को अनुशासित, व्यवस्थित और गरिमामय तरीके से संपन्न कराया जाए.

शहीदों की प्रतिमाओं की होगी सफाई और रंग-रोगन

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर को आकर्षक बनाने के लिए नगर ईओ केशव गोयल को शहीद चंद्रशेखर आजाद, जननायक कर्पूरी ठाकुर एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं की साफ-सफाई और रंग-रोगन कराने का निर्देश दिया गया. नगर की सुंदरता और स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया.

यातायात और कानून-व्यवस्था पर विशेष जोर

कानून-व्यवस्था को लेकर एसडीओ ने पुपरी थानाध्यक्ष को स्वतंत्रता दिवस के दिन यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने का निर्देश दिया. भीड़ और कार्यक्रमों के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया.

15 अगस्त को निर्बाध बिजली आपूर्ति का निर्देश

विद्युत विभाग के कनीय अभियंता को स्वतंत्रता दिवस के दिन निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. एसडीओ ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों से अपने-अपने दायित्वों का समय पर निर्वहन करने और कार्यक्रम को सफल बनाने में समन्वय के साथ काम करने की अपील की.

यह भी पढ़ें: कोर्ट पहुंचे सेवानिवृत्त शिक्षक की अचानक हुई मौत


विज्ञापन
Baidnath Thakur

लेखक के बारे में

By Baidnath Thakur

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन