सीतामढ़ी: सैटेलाइट टाउनशिप के नाम पर किसानों की जमीन छीनने का आरोप, भाकपा ने किया प्रदर्शन

Updated:
विज्ञापन

पदयात्रा में शामिल भाकपा के जिला सचिव व अन्य

सीतामढ़ी में भाकपा ने राष्ट्रव्यापी पदयात्रा का आयोजन किया. इस दौरान नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों को कॉर्पोरेट-परस्त और जनविरोधी बताते हुए महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की जमीन छिनने का आरोप लगाया. 15 अगस्त तक जनजागरण अभियान चलाने की घोषणा की गई है.

विज्ञापन

Sitamarhi News: सीतामढ़ी. भाकपा के राष्ट्रव्यापी पदयात्रा कार्यक्रम के तहत मंगलवार को सीतामढ़ी जिला इकाई की ओर से डुमरा अंचल में पदयात्रा निकाली गई. पदयात्रा पुनौरा स्थित शहीद रामस्वरूप सिंह उर्फ भोला बाबू के स्मारक पर माल्यार्पण के बाद शुरू हुई. विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पदयात्रा मिडिल स्कूल पुनौरा के समीप समाप्त हुई. इस दौरान कई स्थानों पर नुक्कड़ सभाएं भी आयोजित की गईं.

पुनौरा से शुरू हुई पदयात्रा

पदयात्रा पुनौरा स्थित शहीद रामस्वरूप सिंह उर्फ भोला बाबू के स्मारक से शुरू होकर मुखपथ, मारर रोड, मोरियारी टोला, पुनौरा दलित टोला और मुस्लिम टोला से गुजरी. इसके बाद नगर निगम के वार्ड संख्या 4, 5 और 7 होते हुए मिडिल स्कूल पुनौरा के पास इसका समापन हुआ.

पदयात्रा का नेतृत्व पूर्व मुखिया बैद्यनाथ हाथी और अंचल सचिव नवीन कुमार सिंह ने किया. रास्ते में आयोजित नुक्कड़ सभाओं में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया.

महंगाई और कॉरपोरेट-परस्त नीतियों पर निशाना

भाकपा जिला सचिव जयप्रकाश राय ने केंद्र सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कॉरपोरेट-परस्त नीतियों के कारण महंगाई चरम पर पहुंच गई है. उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक राजनीति से सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो रहा है और संवैधानिक संस्थाओं के कथित दुरुपयोग की स्थिति बनी हुई है.

उन्होंने कृषि और श्रमिक विरोधी नीतियों का आरोप लगाते हुए कहा कि किसान और मजदूर संकट का सामना कर रहे हैं. महिला आरक्षण लागू करने में देरी और चुनावी पारदर्शिता को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए.

यह भी पढ़ें: खेत में काम करने सीतामढ़ी से नवादा आए, बिजली गिरने से एक परिवार के तीन की गई जान

किसानों की जमीन और सैटेलाइट टाउनशिप का मुद्दा

भाकपा नेताओं ने आरोप लगाया कि बिहार में सैटेलाइट टाउनशिप के नाम पर किसानों और गरीबों की जमीन लेकर उसे कॉरपोरेट के हवाले करने की कोशिश की जा रही है. नेताओं ने कृषि भूमि की सुरक्षा और गरीबों के अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई.

बाढ़-सुखाड़, बेरोजगारी और पलायन पर चिंता

पदयात्रा के दौरान नेताओं ने बिहार में बाढ़-सुखाड़, बेरोजगारी और पलायन को बड़ी समस्याएं बताया. भूमिहीनों और फुटपाथ दुकानदारों के सामने भी विस्थापन का खतरा होने का आरोप लगाया गया. भाकपा नेताओं ने इन समस्याओं के समाधान के लिए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की.

15 अगस्त तक जनजागरण का ऐलान

भाकपा ने 6 से 15 अगस्त तक पूरे बिहार में जनजागरण अभियान चलाने की घोषणा की है. नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की.

साथ ही एक सितंबर को दिल्ली में प्रस्तावित राष्ट्रीय रैली में बड़ी संख्या में भाग लेने का आह्वान किया गया.

दर्जनों कार्यकर्ता रहे मौजूद

पदयात्रा में उमाशंकर प्रसाद सिंह, एआइवाइएफ के राज्य सचिव मो. गयासुद्दीन, अनवर अंसारी, लक्ष्मी ठाकुर, वासुदेव राय सहित दर्जनों भाकपा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: खेत में काम करने सीतामढ़ी से नवादा आए, बिजली गिरने से एक परिवार के तीन की गई जान


विज्ञापन
राकेश कुमार राज

लेखक के बारे में

By राकेश कुमार राज

राकेश पिछले 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वे प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. राकेश क्राइम रिपोर्टिंग के अलावा सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने के लिए जाने जाते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति और दिलचस्प किस्से-कहानियों में उनकी विशेष रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन