समग्र विकास की ओर अग्रसर हो रहा सीतामढ़ी जिला : डीएम

Published by : VINAY PANDEY Updated At : 16 Aug 2025 7:07 PM

विज्ञापन

जिला मुख्यालय स्थित परेड मैदान में शुक्रवार को धूमधाम से स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया.

विज्ञापन

डुमरा. जिला मुख्यालय स्थित परेड मैदान में शुक्रवार को धूमधाम से स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया. इस दौरान डीएम रिची पांडेय व एसपी अमित रंजन ने परेड का निरीक्षण किया. डीएम झंडोत्तोलन करने के बाद जिलेवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि सीतामढ़ी जिला, देश व राज्य के विकास के साथ कदम से कदम मिलाते हुए समग्र विकास की ओर अग्रसर है. समावेशी विकास के नीति के तहत सरकार के पहल पर चलायी जा रही विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से आम-आवाम को लाभ मिल रहा है. हम उम्मीद करते हैं कि सीतामढ़ी जिला का चहुंमुखी विकास होगा व हमारा जिला उन्नति के मार्ग पर अग्रसर रहेगा. न्याय के साथ विकास को मूर्त रूप देने की दिशा में सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है. सरकार की नीतियों, योजनाओं व कार्यक्रमों का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर बैठे लोगों को मिल रहा है.

— इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट निर्माण से होगा चौमुखी विकास

उन्होंने रीगा चीनी मिल का पुनः प्रारंभ होना एवं किसानों का बकाया भुगतान किया जाना, मेहसौल आरओबी के निर्माण को लेकर किए जा रहे कार्य, बुडको द्वारा स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज कार्य की प्रगति से संबंधित जानकारी दिया. साथ ही कहा कि भारतीय भूमि पत्तन प्राधिकरण के द्वारा लगभग 250 करोड़ के लागत से भिट्ठामोड में इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का निर्माण किया जा रहा है. इसके निर्माण से अंतर्देशीय व्यापार का चौमुखी विकास होगा. बताया कि बड़ी खुशी की बात है कि राज्य सरकार की निधि से बेलसंड में बागमती नदी पर चंदौली घाट हाइ लेवल पुल का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है.

— पंथपाकड़ से होकर गुजरेगा राम जानकी पथ

बिहार सरकार के प्रयास से भारत सरकार के द्वारा सीतामढ़ी एवं शिवहर जिले के लिए 26 किलोमीटर नयी रेल लाइन की स्वीकृति दी गयी है. डीएम ने कहा कि बिहार सरकार के विशेष आग्रह पर भारत सरकार के द्वारा राम जानकी पथ के एलाइनमेंट में परिवर्तन करते हुए इस पथ को पुनौरा धाम, हलेश्वर स्थान व पंथपाकड़ डोली स्थान के बगल से ले जाने पर सहमति प्रदान की गयी है. बागमती प्रमंडल द्वारा बागमती नदी के बाएं एवं दाएं तटबंधों पर उच्चीकरण, सुदृढ़ीकरण कार्य, सुरक्षात्मक कार्य व सड़क निर्माण कार्य कराया जाना है. इस संबंध में सर्वे का काम शुरू किया जा चुका है. इस कार्य को पूर्ण होने से सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण एवं मुजफ्फरपुर जिला लाभान्वित होंगे. वहीं, इंडो-नेपाल बॉर्डर रोड प्रोजेक्ट के अंतर्गत लगभग 90 किलोमीटर लंबाई का पथ है जो कि सामरिक दृष्टिकोण से अत्यंत ही महत्वपूर्ण है.

— भव्य धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में होगा पुनौरा धाम

डीएम ने कहा गत 8 अगस्त को केंद्रीय गृह मंत्री एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा सीतामढ़ी जिले में मां सीता की जन्मस्थली पुनौरा धाम मंदिर एवं परिसर के समग्र विकास की वृहद योजना का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया गया. 67 एकड़ भूमि में 883 करोड रुपए की राशि की योजना से पुनौरा धाम मंदिर एवं परिसर का समग्र विकास किया जाएगा. इससे निश्चित ही आने वाले समय में रामायण पथ से जुड़े मां जानकी के जन्म स्थान पुनौरा धाम को दिव्य एवं भव्य धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में देश के मानचित्र पर स्थापित किया जा सकेगा. इससे न केवल सीतामढ़ी जिले का सर्वाधिक विकास सुनिश्चित होगा बल्कि रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे. इस मौके पर सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, विधायक मिथिलेश कुमार, विधायक अनिल कुमार, जिप अध्यक्ष अदिति कुमारी, पूर्व मंत्री डॉ रंजू गीता व लोक अभियोजक विमल शुक्ला समेत अन्य लोग शामिल थे.

—————–बॉक्स के लिए

विभिन्न संस्थानों में शान से लहराया तिरंगा

डुमरा. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों में शुक्रवार को धूमधाम से झंडोत्तोलन किया गया. समाहरणालय में डीएम रिची पांडेय तो पुलिस लाइन में एसपी अमित रंजन ने झंडोत्तोलन किया. इसी तरह डीआरडीए में डीडीसी संदीप कुमार, जिला परिवहन कार्यालय में डीटीओ बृजकिशोर पांडेय, सदर अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ आनंद कुमार, प्रखंड कार्यालय में प्रमुख संगीता देवी, जिला कृषि कार्यालय में डीएओ शांतनु कुमार व डुमरा थाना में थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने झंडोत्तोलन किया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
VINAY PANDEY

लेखक के बारे में

By VINAY PANDEY

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन