सीतामढ़ी: बाजपट्टी में ऑटो पलटने से युवक की मौत, छह यात्री घायल

हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोग
सीतामढ़ी के बाजपट्टी में अनियंत्रित ऑटो पलटने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है. पढ़ें पूरी खबर…
सीतामढ़ी के बाजपट्टी से सत्य प्रकाश की रिपोर्ट
Sitamarhi News: बाजपट्टी थाना क्षेत्र के कचहरीपुर रैन के समीप सोमवार को एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया. इस हादसे में ऑटो सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई.
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार ऑटो बथनाहा से बाजपट्टी की ओर आ रहा था. कचहरीपुर रैन के समीप पहुंचते ही चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. दुर्घटना के समय ऑटो में कुल सात यात्री सवार थे.
हादसे के बाद यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की.
युवक की मौत, छह लोग घायल
हादसे में बथनाहा थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी मो. आशिक (स्व. मो. जुबैर के पुत्र) गंभीर रूप से घायल हो गए. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
वहीं साबरीन खातून, बिलकिस फातिमा, तबस्सुम बेगम, खुशबू, मो. उबैद तथा बंगराहा निवासी रमन राय घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. इनमें गंभीर रूप से घायल साबरीन खातून को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पीएसआई प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
परिजनों में मचा कोहराम
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










