खेती के मौसम में बिजली के लिए भटक रही महिला किसान, छह पोल पर तार नहीं जुड़ने से बंद पड़ा कृषि बोरिंग

Edited by Vikash Jha
Updated:
विज्ञापन

बिजली के अभाव में बंद पड़ा बोरिंग

Sheikhpura News: शेखपुरा जिले के लक्ष्मीपुर गांव में कृषि बोरिंग तक बिजली लाइन नहीं पहुंचने से खेती और पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो रही है. महिला उपभोक्ता बिंदु कुमारी का आरोप है कि वर्षों से विभागीय कार्यालयों का चक्कर लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है.

विज्ञापन

Sheikhpura News (अरियरी प्रखंड से प्रदीप कुमार का रिपोर्ट)
धान रोपनी के मौसम में जहां किसान खेतों को पानी देने की तैयारी में जुटे हैं, वहीं शेखपुरा जिले के लक्ष्मीपुर गांव की एक महिला किसान वर्षों से अपने कृषि बोरिंग तक बिजली पहुंचाने के लिए विभागीय कार्यालयों का चक्कर लगाने को मजबूर हैं. छह पोल लगाए जाने के बावजूद तार नहीं जुड़ने से बोरिंग बंद पड़ा है, जिससे खेती, पेयजल और निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं.

वर्षों से समाधान का इंतजार

घाट कोसुम्भा प्रखंड अंतर्गत मेहुश थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव निवासी विद्युत उपभोक्ता बिंदु कुमारी ने आरोप लगाया कि वह अपने कृषि बोरिंग पर बिजली कनेक्शन चालू कराने के लिए लंबे समय से बिजली विभाग के अधिकारियों के पास आवेदन और अनुरोध कर रही हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है.

छह पोल लगे, लेकिन तार जोड़ने का काम अधूरा

बिंदु कुमारी ने बताया कि बोरिंग तक बिजली पहुंचाने के लिए करीब दो माह पहले छह पोल लगाए गए थे. इसके बावजूद अब तक उन पोलों पर बिजली तार नहीं जोड़ा गया है. उन्होंने कहा कि केवल तार जोड़ने का काम बाकी है, लेकिन विभाग की ओर से इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है.

कार्यपालक पदाधिकारी को दिया था आवेदन

महिला उपभोक्ता ने बताया कि 6 जून को उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर समस्या के समाधान की मांग की थी. आवेदन देने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है और बोरिंग चालू नहीं हो पाया है.

खेती और पेयजल व्यवस्था पर पड़ रहा असर

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय खेती का है और धान का बिछड़ा लगाने के लिए पानी की अत्यंत आवश्यकता है. बोरिंग बंद रहने से किसानों को सिंचाई में परेशानी हो रही है. इसके अलावा गांव में नए आवास निर्माण कार्य और पेयजल संकट की स्थिति में भी बोरिंग का चालू होना बेहद जरूरी है.

विभाग ने जल्द समाधान का दिया भरोसा

इस संबंध में प्रोजेक्ट एसडीओ आशीष कुमार ने बताया कि पहले बिजली तार की कमी थी, जिसके कारण कार्य पूरा नहीं हो सका था. अब तार उपलब्ध हो गया है और जल्द ही कृषि बोरिंग तक लाइन जोड़कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी.

Also Read: शेखपुरा के अरियरी में लगातार हो रही चोरी, सीसीटीवी फुटेज से एक चाेर पकड़ाया


विज्ञापन
Vikash Jha

लेखक के बारे में

By Vikash Jha

विकाश झा एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और कंटेंट प्रोफेशनल हैं, जिन्हें मीडिया, डिजिटल कंटेंट और सोशल मीडिया कम्युनिकेशन के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया। News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया। स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं। क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं। उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन