शेखपुरा में स्कूली बच्चों से बिजली के खंभे पर तार जोड़ने का काम कराने का आरोप, राहगीरों ने बनाया वीडियो

Updated:
विज्ञापन

छात्रों को स्कूल बस के छत पर चढ़ाकर बिजली के खम्भे से तार जोड़वाता स्कूल प्रबंधन

शेखपुरा के एक निजी स्कूल पर बिजली कट जाने के बाद बच्चों से 25 फीट ऊंचे खंभे पर तार जोड़ने का गंभीर आरोप लगा है. स्कूल बस का इस्तेमाल कर बच्चों से यह खतरनाक काम कराए जाने का दावा किया जा रहा है. राहगीरों ने घटना की वीडियो बनाकर स्कूल प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं.

विज्ञापन

sheikhpura news: स्कूल में बिजली कट जाने के बाद विद्यालय प्रबंधन पर स्कूली बच्चों को बिजली के खंभे से तार जोड़ने के काम में लगाने का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि करीब 25 फीट ऊंचे बिजली के खंभे तक बच्चों को पहुंचाने के लिए स्कूल बस को खंभे के पास खड़ा किया गया और उसके ऊपर टूल लगाकर बच्चों से तार जोड़ने का काम कराया गया. इस पूरे मामले की कई राहगीरों ने अपने मोबाइल फोन से फोटो और वीडियो बनाए और मीडिया कर्मियों को भेजे. सोशल मीडिया पर वायरल फोटो की पुष्टि प्रभात खबर नहीं करता है.

निजी स्कूल से जुड़ा बताया जा रहा मामला

दरअसल, यह मामला शेखपुरा जिले के अरियरी प्रखंड अंतर्गत शेखपुरा-सास्वाहन सड़क मार्ग पर स्थित एक निजी स्कूल से जुड़ा बताया जा रहा है. फोटो और वीडियो में स्कूल ड्रेस पहने तीन बच्चे बिजली के खंभे पर तार जोड़ने का काम करते दिख रहे हैं. वहीं, सड़क पर स्कूल के मालिक और कर्मियों के भी खड़े होने की बात सामने आ रही है. फोटो में बिजली के खंभे से सटी स्कूल बस भी दिखाई दे रही है. बच्चों का स्कूल ड्रेस भी स्पष्ट नजर आने का दावा किया गया है.

राहगीरों ने स्कूल प्रबंधन पर उठाए सवाल

सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने वाले राहगीरों ने स्कूल प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि स्कूल में पढ़ने के लिए आने वाले बच्चों से इस तरह का जोखिम भरा काम करवाना उनकी सुरक्षा के प्रति गंभीर लापरवाही है. राहगीरों ने कहा कि यदि स्कूल संचालक के अपने बच्चे होते तो शायद उनसे इतना जोखिम भरा काम नहीं करवाया जाता. उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

बरसात में बच्चों से ऐसा काम कराने पर जताई चिंता

राहगीरों ने कहा कि बरसात के मौसम में बिजली के खंभे पर बच्चों से तार जोड़ने जैसा जोखिम भरा काम कराया जाना गंभीर मामला है. उन्होंने जिला प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने और बच्चों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.


विज्ञापन
Ranjeet Kumar

लेखक के बारे में

By Ranjeet Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन