KBC के नाम पर देशभर में साइबर ठगी, शेखोपुरसराय में अंतरराज्यीय गिरोह का शातिर गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

AI से बनाई तस्वीर

शेखपुरा पुलिस ने केबीसी के नाम पर ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से लाखों की ठगी के सबूत मिले हैं।

विज्ञापन

Sheikhpura News : शेखोपुरसराय थाना पुलिस ने गश्ती के दौरान सोमवार को अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड गिरोह के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल बरामद किये हैं, जिनकी जांच में साइबर ठगी से जुड़े कई अहम साक्ष्य मिलने की बात कही गयी है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान कबीरपुर गांव निवासी महेंद्र यादव के पुत्र उतीश कुमार के रूप में हुई है.

पुलिस वाहन देखते ही भागने लगे साइबर ठग

थानाध्यक्ष विवेक कुमार चौधरी और एएसआई जय कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक गांव से पश्चिम रहींचा मुख्य सड़क की ओर साइबर ठगी कर रहे हैं. पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पुलिस वाहन को देखते ही सभी युवक भागने लगे. पुलिस ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि अन्य मौके से फरार हो गये.

KBC के नाम पर लोगों को बनाते थे निशाना

थानाध्यक्ष के अनुसार, गिरफ्तार उतीश कुमार अपने पांच-छह सहयोगियों के साथ मिलकर देश के अलग-अलग हिस्सों के मोबाइल उपभोक्ताओं को ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) में इनाम निकलने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करता था. उसके मोबाइल की जांच में ठगी से संबंधित कई प्रमाण मिले हैं.

कई राज्यों में दर्ज हैं साइबर ठगी के मामले

पुलिस के अनुसार, आरोपित के मोबाइल नंबर के विरुद्ध राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर पहले से तीन मामले दर्ज हैं. तेलंगाना समेत कई राज्यों में साइबर ठगी से जुड़े साक्ष्य भी मिले हैं. पुलिस को मोबाइल की जांच के दौरान करीब 8.50 लाख रुपये के साइबर ठगी वाले ट्रांजेक्शन का प्रमाण मिलने की बात कही गयी है.

अन्य साथियों की तलाश में जुटी पुलिस

गिरफ्तार आरोपित से पुलिस पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और साइबर ठगी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जाएगी. फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.


विज्ञापन
Niranjan Kumar

लेखक के बारे में

By Niranjan Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन