शेखपुरा में आपसी विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट, महिला समेत तीन घायल, युवती की हालत गंभीर
शेखपुरा के डलहर गांव में चापाकल का पानी गली में बहाने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Sheikhpura News : शेखपुरा के अरियरी थाना क्षेत्र की विमान पंचायत के डलहर गांव में भूमि विवाद को लेकर सोमवार को दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गयी. घटना में एक पक्ष के महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अरियरी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल शेखपुरा रेफर कर दिया गया.
महिला समेत तीन लोग घायल, युवती की हालत नाजुक
घायलों की पहचान डलहर गांव निवासी सतीश चौहान की पत्नी ललिता देवी, पुत्री धनवंती कुमारी और पुत्र सचिन कुमार के रूप में हुई है. बताया गया कि मारपीट में धनवंती कुमारी को गंभीर चोटें आयी हैं और उसकी स्थिति नाजुक बतायी जा रही है. चिकित्सकों ने तीनों की हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर भेज दिया.
चापाकल का पानी गली में बहाने को लेकर हुआ विवाद
घायल सतीश चौहान ने बताया कि पड़ोसी सुधीर चौहान ने अपने घर के आंगन में चापाकल लगवाया है. चापाकल का पानी गली में बहने के कारण आने-जाने में परेशानी होती थी. इसी समस्या को लेकर उनकी पत्नी और पुत्री गली में बह रहे पानी को रोकने के लिए बांध बना रही थीं. इसी दौरान विवाद बढ़ गया.
लोहे की रॉड और बांस से हमला करने का आरोप
सतीश चौहान का आरोप है कि विवाद के दौरान सुधीर चौहान, अभिषेक चौहान, अमित कुमार समेत अन्य लोगों ने लोहे की रॉड और बांस के टुकड़े से हमला कर दिया. हमले में उनकी पत्नी, पुत्री और पुत्र घायल हो गये. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गयी और ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
लिखित शिकायत मिलने के बाद होगी कार्रवाई
इस संबंध में अरियरी थानाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है. लिखित शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









