शेखपुरा में बोले मंत्री दीपक प्रकाश, सरकारी योजनाओं पर जनता रखे कड़ी नजर

Updated:
विज्ञापन
लोगों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : मंत्री

मंत्री दीपक प्रकाश | Prabhat Khabar Network

Sheikhpura News : पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने शेखपुरा दौरे के दौरान सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर जनता को कड़ी नजर रखने की सलाह दी. उन्होंने योजनाओं में पाई गई खामियों पर अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए.

विज्ञापन

Sheikhpura News : पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने शेखपुरा दौरे के दूसरे दिन सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की. इस दौरान उन्होंने विकास की योजनाओं का समुचित लाभ लेने के लिए जनता को सभी योजनाओं पर कड़ी नजर रखने की सलाह दी. उन्होंने सरकार की सभी योजनाओं को धरातल पर उतारने और जनता तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों तथा सरकारी अधिकारियों को भी अपने उत्तरदायित्व का सही-सही निर्वहन करने पर जोर दिया.

सरकारी योजनाओं का किया अवलोकन

उन्होंने बताया कि तीनों के समुचित प्रयास से ही अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचेगी, लोगों का जीवन आसान होगा, आर्थिक स्थिति सुधरेगी और सामाजिक ताना-बाना भी बेहतर होगा. उन्होंने अपने दो दिवसीय दौरे के क्रम में क्षेत्र का भ्रमण करते हुए विभिन्न सरकारी योजनाओं का अवलोकन भी किया.

योजनाओं में खामियों पर जताई नाराजगी

अरियरी प्रखंड के चांदी, घुसकुरी, सनैया आदि में चलाई जा रही सरकारी योजनाओं में कई खामियों को देखते हुए उस पर नाराजगी प्रकट की और अधिकारियों को सुधार लाने का निर्देश दिया. पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने स्वीकार किया कि योजनाओं के सही-सही धरातल पर उतरने में कई खामियां विद्यमान हैं, जिन्हें जनता की निगरानी से ही दूर किया जा सकता है. पेयजल की समस्या को लेकर उन्होंने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के अभियंताओं से बातचीत कर उसमें जल्द से जल्द सुधार लाने का निर्देश दिया.

रिक्त पदों को भरने की तैयारी

मंत्री ने बताया कि पेयजल और योजनाओं के संबंध में उन्होंने जिला प्रशासन के साथ भी बातचीत की है. अपने विभाग के कार्यों का वर्णन करते हुए उन्होंने पंचायती राज विभाग के खाली पदों को भरने के संबंध में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इस संबंध में खाली पदों का ब्यौरा इकट्ठा कर बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) को उसकी विज्ञप्ति निकालकर प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित करने और पदों को भरने के संबंध में अधियाचना भेजी जा रही है.

दो दिवसीय दौरे के क्रम में यहां पहुंचे पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने पटना के बांकीपुर विधानसभा में हो रहे उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार की जीत का दावा किया है. उन्होंने पत्रकारों को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा किए जा रहे कार्यों को लेकर जनता एनडीए प्रत्याशी की जीत पर मुहर लगाएगी. एनडीए सरकार द्वारा किए जा रहे 20 वर्षों के शासनकाल का लाभ भी प्रत्याशी को मिलेगा.

उपचुनाव और नेतृत्व पर दिया बयान

उन्होंने प्रत्याशी बदले जाने के मामले का सही-सही जवाब नहीं दिया. प्रत्याशी बदले जाने के प्रश्न को टालते हुए उन्होंने इसे भाजपा का अंदरूनी मामला बताया. उन्होंने कहा कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है, एनडीए में कहीं भी मतभेद नहीं है और सभी एकजुट होकर प्रत्याशी को जिताने में लगे हुए हैं. पत्रकारों के प्रश्नों के जवाब में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्थान पर उनके पुत्र निशांत कुमार के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि सरकार का कामकाज नीतियों के आधार पर चलता है, निशांत कुमार युवा हैं और बेहतर कार्य कर रहे हैं.

उन्होंने निशांत कुमार को शुभकामनाएं दीं और कहा कि एनडीए की सरकार सात निश्चय-तीन के तहत बेहतर तरीके से कार्य कर रही है. दो दिवसीय यात्रा की शुरुआत उन्होंने शनिवार को अरियरी प्रखंड क्षेत्र से की थी. इस अवसर पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ एनडीए के सभी घटक दल के कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.

Also Read : जलजमाव से जूझ रहा बेगूसराय का झमटिया प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ाई कराने को मजबूर शिक्षक


विज्ञापन
Niranjan Kumar

लेखक के बारे में

By Niranjan Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन