शेखपुरा के 32वें स्थापना दिवस पर डीएम शेखर आनंद ने गिनाईं उपलब्धियां, विकास और सामाजिक समरसता पर दिया जोर

जिला स्थापना दिवस का शुभारंभ करते अतिथि. | Prabhat Khabar Network
शेखपुरा ने अपने 32 साल के सफर में विकास के साथ-साथ सामाजिक समरसता की मिसाल पेश की है. डीएम शेखर आनंद ने स्थापना दिवस पर शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे में अभूतपूर्व प्रगति को रेखांकित किया.
शेखपुरा डीएम शेखर आनंद ने स्थापना दिवस को लेकर आयोजित मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि शेखपुरा जिला अपने स्थापना के 32 सालों में केवल विकास के क्षेत्र में ही आगे नहीं बढ़ा है, बल्कि सामाजिक समरसता, शांति और भाईचारे की एक नई मिसाल पूरे राज्य में देने का काम किया है.
उन्होंने जिले के कृषि, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल साक्षरता, सड़क, अस्पताल आदि के मूलभूत आधारभूत संरचना के निर्माण में केवल सरकार और जिला प्रशासन के नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के इसका श्रेय और सहयोग से यह संभव हुआ बताया.
प्रत्येक नागरिक के विश्वास और सहभागिता से ही आज शेखपुरा जिला राज्य के कई मानकों पर प्रथम स्थान पर स्थापित है.
बुनियादी संरचना, शिक्षा और पर्यटन का विकास
उन्होंने स्थापना दिवस के इस गौरवपूर्ण दिवस पर सभी जिलावासियों को शुभकामना देते हुए बताया कि जन आकांक्षा को पूरा करने के लिए शेखपुरा को 1994 में पूर्ण जिले का दर्जा प्राप्त हुआ. तीन दशक में जिले ने लंबी यात्रा पूरी की है. यहां आधारभूत संरचना के तहत सड़कों का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के साथ-साथ पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास किया गया है.
जिले में दो-दो केंद्रीय विद्यालय की स्थापना, सभी प्रखंडों में एक-एक आदर्श विद्यालय, जिले के चार प्रखंडों में डिग्री कॉलेज की स्थापना के साथ-साथ इन सभी विद्यालयों में आधुनिक और तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने और प्रोत्साहन देने के सभी कार्य किए गए हैं और आगे भी किए जा रहे हैं. शेखपुरा को पर्यटन के क्षेत्र में तरक्की के लिए मटोखर दह, सामस धाम विष्णु मंदिर जैसे क्षेत्रों को लगातार सौंदर्यीकरण और सजाने-संवारने का काम चल रहा है.
स्वास्थ्य, स्वच्छता और नीति आयोग की योजनाएं
उन्होंने भूमि विवाद के मामलों में जिले में उल्लेखनीय सुलह की बात कही. जिले में कैंसर से बचाव को लेकर बालिकाओं और किशोरियों को टीकाकृत करने, टीबी मुक्त भारत अभियान की सफलता के उत्कृष्ट कार्यों की विस्तार से चर्चा की.
उन्होंने बताया कि नीति आयोग की देखरेख में शेखपुरा जिला आकांक्षी जिला कार्यक्रम और प्रखंड कार्यक्रम के तहत आच्छादित है. इसमें संतोषजनक तरीके से काम चल रहा है. जिले की सभी पंचायतों में कचरा उठाव की स्थिति बेहतर हो गई है. मनरेगा के तहत लोगों को रोजगार मिलने के साथ-साथ आधारभूत संरचनाओं के निर्माण का कार्य भी किया जा रहा है.
जन कल्याणकारी शिविर और प्रशासनिक पहल
लोगों के जीवन को आसान करने के लिए प्रत्येक सप्ताह के सोमवार और शुक्रवार को जिलाधिकारी से लेकर प्रखंड और पंचायत स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जा रहा है. इसके अलावा प्रत्येक महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को सहयोग शिविर के माध्यम से लोगों के जीवन को आसान करने का काम चल रहा है. जिले में पेयजल और बिजली की व्यवस्था काफी सुदृढ़ हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










