शेखपुरा का 32वां स्थापना दिवस धूमधाम से मना, उत्कृष्ट कर्मी और प्रतिभागी हुए सम्मानित

विकास का प्रतीक गुब्बारा उड़ाते अतिथि. | Prabhat Khabar Network
शेखपुरा जिले ने अपना स्थापना दिवस बड़े ही धूमधाम से मनाया. इस अवसर पर विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों व कर्मियों को सम्मानित किया गया. विभिन्न सरकारी विभागों ने अपनी योजनाओं की जानकारी दी और प्रतियोगिता विजेताओं को पुरस्कृत किया गया.
शेखपुरा जिला का स्थापना दिवस बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया. मुख्य कार्यक्रम समाहरणालय के परेड मैदान में आयोजित किया गया, जिसका शुभारंभ एमएलसी ललन प्रसाद, विधायक रणधीर कुमार सोनी, बरबीघा विधायक डॉ. पुष्पंजय और डीएम शेखर आनंद सहित अन्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
इस अवसर पर सरकार के विभिन्न विभागों के द्वारा लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाया गया था, जिसका उद्घाटन अतिथियों ने फीता काटकर किया. इस मौके पर अतिथियों ने विकास के प्रतीक आसमान में गुब्बारा छोड़कर जिला स्थापना दिवस कार्यक्रम को बड़े ही उत्साह के साथ मनाया.
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के तौर पर बोलते हुए एमएलसी ललन प्रसाद ने कहा कि शेखपुरा जिला राज्य सरकार की अगुवाई में तेज गति से विकास कर रहा है. वह खुद घाटकोसुम्भा टाल क्षेत्र के रहने वाले हैं. कभी यह इलाका बेहद पिछड़ा हुआ था, आवागमन सुलभ नहीं था और बिजली-पानी की कठिनाई थी, लेकिन 2005 के बाद जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं में तेज गति से विकास हुआ है. बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लगातार विकास के काम हुए और अब उसे वर्तमान मुख्यमंत्री आगे बढ़ा रहे हैं.
शेखपुरा के निर्माण में शेखपुरा के विधायक और सांसद रहे स्व. राजो बाबू और डॉ. श्रीकृष्ण सिंह के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है, इस जिले के विकास में इनकी बड़ी भूमिका रही है. इस मौके पर विधायक रणधीर कुमार सोनी और बरबीघा के विधायक डॉ. पुष्पंजय ने संबोधित करते हुए कहा कि शेखपुरा एनडीए गठबंधन की डबल इंजन सरकार में लगातार तेजी से विकास की ओर अग्रसर है.
मंत्री और सांसदों के नहीं पहुंचने पर निराशा
जिला स्थापना दिवस कार्यक्रम में जिले की प्रभारी मंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेने को आमंत्रित किया गया था. इसके साथ ही विशिष्ट अतिथि के तौर पर राज्यसभा सांसद शंभू शरण पटेल, जमुई के क्षेत्रीय सांसद अरुण भारती, नवादा के क्षेत्रीय सांसद विवेक ठाकुर, विधान पार्षद डॉ. एनके यादव, विधान पार्षद संजीव कुमार सिंह, विधान पार्षद अजय कुमार सिंह को भी आमंत्रित किया गया था, लेकिन कार्यक्रम में इनके नहीं पहुंचने पर लोगों ने निराशा जाहिर करते हुए इसे उदासीनता का प्रतीक बताया.
सरकारी विभागों के स्टॉल और प्रभात फेरी का आयोजन
समाहरणालय मैदान स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल के समीप विभिन्न विभागों के कार्यालयों द्वारा आम लोगों को जानकारी देने हेतु स्टॉल भी लगाए गए. इस मौके पर ग्रामीण विकास अभिकरण, स्वास्थ्य, आईसीडीएस, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जिला परिवहन, सिविल सर्जन कार्यालय, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अग्रणी बैंक, कृषि, उद्यान एवं आत्मा, जीविका, जिला आपूर्ति शाखा, जिला पंचायत राज कार्यालय, उद्योग विभागों के द्वारा स्टॉल लगाए गए थे.
जिला स्थापना दिवस के मौके पर सबसे पहले सुबह समाहरणालय परिसर से विकास मार्च सह प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें डीएम, एडीएम सहित सभी पदाधिकारियों ने भाग लिया और इसमें आम लोग भी शामिल हुए. प्रभात फेरी के समापन के बाद गिरिहिंडा पहाड़ पर सुरक्षा के मद्देनजर टीओपी का शिलान्यास किया गया.
पदाधिकारियों और कर्मियों का सम्मान
जिला स्थापना दिवस के मौके पर बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारियों और कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. इस मौके पर एडीएम लखींद्र पासवान, एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार, डीपीएम दयानिधि, डॉ. फैजल अरशद, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी विजय उपाध्याय, वरीय कोषागार पदाधिकारी नागेन्द्र राय, चेवाड़ा के प्रखंड लिपिक सुजीत कुमार, कार्य प्रमंडल इंजीनियर मनीष कुमार, शिक्षा विभाग के कार्यालय सहायक रश्मिकांत, घाटकोसुम्भा की बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सुधा कुमारी को सम्मानित किया गया.
जबकि पुलिस विभाग से शेखपुरा के थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, दरोगा प्रीति सिंहा, कोसुंभा थानाध्यक्ष अमरेश कुमार सिंह, डीआईयू के विवेक कुमार, सिपाही श्याम कुमार, प्रियंका पल्लवी, धर्मराज कुमार शाह, अटल बिहारी कुमार सहित अन्य को सम्मानित किया गया.
प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागी हुए पुरस्कृत
जिला स्थापना दिवस पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के अव्वल प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया. इसमें निबंधन प्रतियोगिता में बालक वर्ग में अंकित को प्रथम, शनि कुमार को द्वितीय और शुभम को तृतीय स्थान प्राप्त करने पर पुरस्कृत किया गया.
इसी तरह से बालिका वर्ग में अर्चिता को प्रथम, प्रीति को द्वितीय और काजल को तीसरा स्थान के लिए पुरस्कृत किया गया. इसी तरह से पेंटिंग प्रतियोगिता में सत्यम को पहला, मोनू को दूसरा और राकेश को तीसरा स्थान पाने पर पुरस्कृत किया गया. बालिका वर्ग में प्रियांशी, सोनाक्षी और खुशबू ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










